व्यक्ति जन्म-गोत्र से नहीं, कर्म से बनता है महान : भक्तिदर्शनजी
हैदराबाद, समानता के भाव में सदैव जीना आना चाहिए। मानव सभी श्रेष्ठ हैं, चाहे वह जैन कुल हो या चांडाल कुल में। व्यक्ति जन्म- गोत्र से नहीं, बल्कि कर्म से महान होता है। उक्त उद्गार गोशामहल स्थित शंखेश्वर भवन के श्री शंखेश्वर पारसनाथ जैन संघ के तत्वाधान में बाल मुनि भक्तिदर्शनविजयजी म.सा. ने व्यक्त किये।
पूज्यश्री ने कहा कि संघर्ष से सहर्ष का सामना करने वाला वीर महावीर होता है। आत्मा अनेक बार उच्च गोत्र में जन्म लेती है, तो अनेक बार नीच गोत्र में भी जन्म लेती है। उच्च गोत्र में जन्म होने पर मैं सर्वश्रेष्ठ हूँ, ऐसा कदापि नहीं सोचना चाहिए और नीचे कुल में जन्म होने पर दीनता नहीं। उच्च गति, उच्च कुल में जन्म लेकर भी यदि कर्म निम्न प्रकार के हों, तो वह श्रेष्ठ नहीं कहलाता। श्रेष्ठ महान तो वही कहलाता है, जो नीचे गोत्र में जन्म लेकर भी कर्म उच्च क्वालिटी के करता है। जब सागर में तूफान आता है, तब जो नाविक नाव को किनारे तक पहुँचता है, वही कुशल कहलाता है ।
यह भी पढ़ें… जीवन को सार्थक करने धर्म आराधना आवश्यक : भक्तिदर्शनजी म.सा.
मुसीबत में साथ निभाने वालों की होती है याद
पूज्यश्री ने कहा कि अनुकूल धारा में नाव चलाना कोई बड़ी बात नहीं है। जीवन में सभी को अनुकूलता पसंद है, प्रतिकूलता कोई भी नहीं चाहता। समय पर साथ देने वाला, मुसीबत में सहयोग करने वाला याद आता है। मुसीबत में साथ छोड़कर जाने वाले और मुसीबत में डालने वाले के प्रति इंसान बैर की गांठ बांध लेता है। जीव को जीवन में भवों भवों तक उसका परिणाम भोगना पड़ता है।
प्रचार संयोजक जसराज देवड़ा धोका ने बताया कि आज प्रवचन में प्रभावना लाभार्थी अंबालाल ओटमल माराड़िया जावाल वालों की ओर से दी गई। लोगस तप के लाभार्थी दिनेश कुमार किशोर चंद मुथा जालौर वाले रहे। रविवार, 3 अगस्त को भक्तामर स्तोत्र का महा पूजन होगा। इसके लाभार्थी शांतिलाल हितेश कुमार मेहता पाली वाले हैं। धर्म सभा में संघ अध्यक्ष चंपालाल भंडारी, ट्रस्टी रमेश कामदार, अशोक कवाड़, चातुर्मास संयोजक बाबूलाल सालेचा, जसराज देवड़ा धोका व श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित थे। अध्यक्ष ने कहा कि आज से संघ में अट्ठाई की तपस्या शुरू हुई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



