10वीं की परीक्षा के दौरान माल प्रैक्टिस के आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, नलगोंडा ज़िले के नकरेकल शहर में 10वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान प्रश्न-पत्र को व्हॉट्सऐप पर भेजकर माल प्रैक्टिस करने के मामले में दो नाबालिग आरोपियों समेत 12 आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया।
नलगोंडा के उप-पुलिस अधीक्षक के. शिवराम रेड्डी ने बताया कि इस मामले में 23 मार्च को नकरेकल निवासी कार चालक चिट्ला आकाश (21), उसके भाई डीजे ऑपरेटर चिट्ला शिवा (19), गोरेमकलपल्ली ग्राम निवासी बंडी श्रीनू (23), शिवाजीनगर, नकरेकल निवासी निजी अध्यापक गुडुगुंटला शंकर (34) और नकरेकल निवासी मीसेवा सेंटर संचालक ब्रह्मदेवरा रविशंकर (55) को गिरफ्तार कर लिया गया था। आज अन्य आरोपियों में शिवाजी नगर, नकरेकल निवासी पेशे से व्यापारी, पोगुला श्रीरामुलू (45), कॉलेज छात्र तलारी अखिल कुमार (19), कॉलेज छात्र मुत्याला वम्शी (22), नकरेकल निवासी पेशे से व्यापारी पलास अनिल कुमार (23) और नकरेकल निवासी पेशे से मजदूर पल्ला मनोहर प्रसाद (22) तथा दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में नकरेकल निवासी राहुल फरार है।
उन्होंने बताया कि गत 21 मार्च को सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे के दौरान संपन्न 10वीं कक्षा के प्रथम भाषा (तेलुगु) की परीक्षा से संबंधित प्रश्न-पत्र को परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद व्हॉट्सऐप पर फोटो लेकर भेज दिया गया था। लीक किया गया यह प्रश्न-पत्र व्हॉट्सऐप के जरिए कई लोगों को भेजा गया।
परीक्षा केंद्र में खिड़की से प्रश्न-पत्र लीक करने का खुलासा
जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि परीक्षा केंद्र के कमरा नं. 8 के पास एक अज्ञात आरोपी ने परीक्षा प्रारंभ होने के बाद 9.50 बजे खिड़की के पास आकर सेलफोन से प्रश्न-पत्र की फोटो उतार ली थी। जाँच में इस बात का खुलासा मंडल शिक्षा अधिकारी द्वारा उच्च अधिकारियों के समक्ष प्राप्त शिकायत के आधार पर नकरेकल पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 318(2), 318(3), 353(2), 223 और तेलंगाना स्टेट पब्लिक एक्जामिनेशन एक्ट की धारा एक्ट के तहत मामले दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की गई।
जाँच के दौरान पता चला कि आरोपी चिट्ला आकाश, गुडुगुंटला शंकर, पोगुला श्रीरामुलू, फरार आरोपी राहुल और नाबालिग आरोपी ने मिलकर प्रश्न-पत्र व्हॉट्सऐप के माध्यम से भेज दिया था। प्रश्न-पत्र प्राप्त होने के बाद इसके जवाब लिखकर परीक्षा लिखने वालों को भेजे गए थे। आरोपी चिट्ला आकाश, श्रीनू और नाबालिग आरोपी तीनों तेलंगाना राज्य कन्या आविसय स्कूल के सेंटर पर 9.40 बजे स्कूटी पर पहुँचे और वहाँ तैनात पुलिस ने उन्हें भीतर जाने नहीं दिया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद: 5 लाख की फर्जी लूट का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
इस कारण तीनों स्कूल के पीछे चले गए। वहाँ फरार आरोपी राहुल पहले से ही खड़ा हुआ था और एक अन्य नाबालिग आरोपी पहले माले पर परीक्षा लिख रहा था। इसके बाद स्कूल के पिछवाड़े पहुँचे आरोपियों ने दीवार पर चढ़कर कमरा नं. 8 की खिड़की से परीक्षा लिख रहे नाबालिग आरोपी के पास से प्रश्न-पत्र लेकर फोटो उतार लिया।
इसके बाद प्रश्न-पत्र की जिरॉक्स कॉपी निकालकर इसके जवाब देने का प्रयास किया, लेकिन वहाँ तैनात पुलिस को देखकर फरार हो गए। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि इस मामले में शिक्षा विभाग के दो आरोपियों को निलंबित भी किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



