आदर्श गौतम ने फिल्म ‘तू या मैं’ के लिए फेस पियर्सिंग करवाई

अपने किरदारों की गहरी तैयारी के लिए जाने जाने वाले आदर्श गौरव अपनी आने वाली फिल्म ‘तू या मैं’ में नाला सोपारा के एक लोकल रैपर की भूमिका निभा रहे हैं। सिर्फ स्क्रिप्ट तक सीमित न रहते हुए, आदर्श ने गोवंडी, नालासोपारा, कुर्ला, धारावी और अंधेरी जैसे इलाकों का दौरा किया। यहां उन्होंने उन रैपर्स से मुलाकात की, जिन्होंने इंडिपेंडेंट हिप-हॉप मूवमेंट को आगे बढ़ाया है। उनके साथ वक्त बिताया और म्यूज़िक पर जैम किया। अपने रैपर वाले किरदार को और ज़्यादा असली दिखाने के लिए आदर्श ने फेस पियर्सिंग भी करवाई।

अपनी तैयारी के बारे में बात करते हुए आदर्श गौरव ने कहा, ‘जब मैंने ‘तू या मैं’ साइन की और मरुति के किरदार पर काम शुरू किया, तभी समझ गया था कि इसे सिर्फ स्क्रिप्ट के ज़रिए नहीं निभाया जा सकता। वह एक खास सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल से आता है और उसे सही तरीके से दिखाने के लिए मुझे उसकी दुनिया, उसकी आवाज़, उसकी सोच और उसके अंदाज़ को समझना ज़रूरी था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं गोवंडी में विजय दादा से मिला, नालासोपारा में ग्रैविटी और शेक्सपियर के साथ वक्त बिताया, कुर्ला में नेज़ी से मिला और धारावी में अक्कू और 7 बंटाई से मुलाकात की।

मरुति के रोल के लिए आदर्श की खास तैयारी

इसके अलावा ऐस, किंग, निजा, येडा अन्ना और अंधेरी में लोका सहित कई और कलाकारों से भी मिला। ये सिर्फ मुलाकातें नहीं थीं- हमने साथ में म्यूज़िक किया, ज़िंदगी, संघर्ष और सपनों पर बात की।’ आदर्श ने कहा, “उनके साथ रहकर मुझे समझ आया कि उनके अंदर की भूख कहां से आती है, उनका म्यूज़िक उनके आसपास के माहौल से कैसे जुड़ा है और कैसे संगीत उनके लिए जीने, अपनी बात कहने और अपनी पहचान बनाने का ज़रिया है।

यह भी पढ़े: ‘तू या मैं’ ने मुझे वो आत्मविश्वास दिया जो मुझमें नहीं था: शनाया कपूर

ये सब चीजें मरुति के किरदार को और असली बनाने में मददगार रहीं। मैं चाहता था कि यह किरदार निभाया हुआ न लगे, बल्कि जिया हुआ लगे। इस सफर ने मुझमें अंडरग्राउंड रैप कम्यूनिटी के लिए गहरा सम्मान पैदा किया और उम्मीद है कि वही सच्चाई स्क्रीन पर भी दिखेगी।’ ‘तू या मैं’ के साथ आदर्श गौरव एक बार फिर साबित करते हैं कि वह अपने किरदारों को असली ज़िंदगी के अनुभवों से जोड़कर निभाने में यकीन रखते हैं। मुंबई के अंडरग्राउंड रैप सीन में उनकी यह गहरी तैयारी फिल्म में एक सच्चा, दमदार और भावनात्मक किरदार को पेश करेगी, ऐसी उम्मीदें हैं।

Exit mobile version