स्कूल से बाहर रहने वाले सभी बच्चे बाल मजदूर : पद्मश्री शांता सिन्हा

हैदराबाद, पद्मश्री पुरस्कार विजेता व बाल अधिकार कार्यकर्ता शांता सिन्हा ने कहा कि जो भी बच्चा औपचारिक स्कूली शिक्षा प्रणाली से बाहर रहता है, उसे बाल मजदूर तथा समाज की गंभीर विफलता मानना चाहिए। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य अतिथि पद्मश्री शांता सिन्हा ने शिल्प कला वेदिका में सिस्टर निवेदिता स्कूल के 36वें वार्षिक दिवस सांस्कृतिक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता की जिम्मेदारी मात्र बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने से समाप्त नहीं हो सकती। बच्चे किसी भी परिवार के हों, वे सबसे कीमती संपत्ति हैं।

वार्षिक समारोह में बच्चों को संबोधित करती पद्मश्री शांता सिन्हा

उनके बचपन की रक्षा करना, उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देना तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना आपकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के माता-पिता को मोबाइल फोन व टैबलेट का ज्यादा इस्तेमाल करने से रोकने की कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि स्कूल व घर दोनों जगह बिना रोक-टोक डिजिटल एक्सेस इनके मानसिक स्वास्थ्य तथा रचनात्मकता के लिए खतरा है। उन्होंने बचपन को उसके असली रूप में बनाए रखने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को स्वतंत्र, खुले और सहायक माहौल में बढ़ने देना चाहिए, जो वास्तविक जीवन के अनुभवों व स्थायी यादों से भरा हो।

यह भी पढ़ें… कामाक्षी रॉयल्स ने जीती एसकेएम ग्लोबल प्रीमियर लीग

माता-पिता से बच्चों संग क्वालिटी टाइम बिताने की अपील

कार्यक्रम के विशेष अतिथि नेशनल एनवायर्नमेंटल एजुकेशन एकैडमिक नेटवर्क के अध्यक्ष डॉ. डब्ल्यू.जी. प्रसन्ना कुमार ने स्कूली शिक्षा को आनंददायक व बदलाव लाने वाली यात्रा बताया। उन्होंने माता-पिता को याद दिलाया कि बचपन अनमोल है और उनसे अपने बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का आग्रह किया। उन्होंने कम उम्र में बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण जागरूकता से परिचित कराने के महत्व पर जोर दिया।

सभी का स्वागत करते हुए स्कूल के चेयरमैन डॉ. सुधाकर राव पोलिसांनी ने संस्थान के संस्थापक चेयरमैन डॉ. वेलचला कोंडाला राव का उनके निरंतर मार्गदर्शन व समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्कूल की लगातार शैक्षणिक उत्कृष्टता का श्रेय शिक्षण संकाय के समर्पण और प्रतिबद्धता को दिया। साथ ही प्रत्येक छात्र पर दिए गए व्यक्तिगत ध्यान की सराहना की।

स्कूल की प्रधानाध्यापिका डॉ. टी. ललिता ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कर शिक्षा व सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में छात्रों की उपलब्धियों का विवरण साझा किया। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये। स्कूल के करेस्पॉन्डेंट हरिहर प्रसाद और सचिव रमा देवी पोलिसानी ने माता-पिता, शिक्षकों तथा छात्रों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button