राज्य में कांग्रेस विरोधी लहर : किशन रेड्डी
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने विधान परिषद के लिए अध्यापक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में भाजपा को मिली भारी जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ किस प्रकार विरोधी लहर है, एमएलसी चुनाव परिणामों से पता चल चुका है।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में एमएलसी चुनाव में जीत का जश्न मनाया गया। अवसर पर विजयी प्रत्याशी मल्का कोमरय्या व सी. अंजीरेड्डी के साथ मिलकर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में शासक मात्र बदले हैं शासन नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि दरअसल राज्य में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है।
अगले 10 सालों तक मैं ही मुख्यमंत्री रहूंगा कहने वाले रेवंत रेड्डी की पार्टी को सत्ता में आए केवल 15 महीनों में ही जनता ने एमएलसी चुनाव में हार का स्वाद चखा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के मूड को अब भी समझे और सरकार चलाए तो ठीक होगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने जीत के साथ भाजपा के कंधों पर जो भार डाला है उस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा और सदन में अध्यापकों, स्नातकों, बुद्धिजीवियों, कर्मचारियों व जनता की समस्याओं को सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से रखकर समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें… सैंधव का किरदार निभा रहे है किशन रेड्डी : सीएम
भा.ज.पा. का अगला एजेंडा: तेलंगाना में मजबूती बढ़ाना
उन्होंने कहा कि अब भाजपा का अगला एजेंडा खम्मम, वरंगल, नलगोंडा संयुक्त जिलों में भाजपा को और मजबूत करना है साथ ही सेव तेलंगाना सपोर्ट बीजेपी भाजपा का नारा भी दिया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर तो भाजपा काम करेगी, क्योंकि राज्य में डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है तभी तेलंगाना आंदोलनकारियों व बलिदानियों की आकांक्षाएं पूरी होंगी।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि रेफरंडम भाजपा ने नहीं कहा है जिन्होंने कहा कि वे खुद आत्ममंथन कर लें। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासित तीन राज्यों मे भी कांग्रेस को हराकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के संस्थागत प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है अगले दो महीने में कमेटियों का भी गठन कर दिया जाएगा।
अवसर पर सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद एम. रघुनंदन राव, विधायक पैडी राकेश रेड्डी, विधायक धनपाल सूर्यनारायण, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आनंद गौड, गिरीजन मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कल्याण नायक, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



