पटरी से उतरी बेंगलुरू-कामाख्या एक्सप्रेस

कटक, ओड़िशा के कटक जिले में रविवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पूर्वी तटीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि एसएमवीटी बेंगलुरू-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे सुबह 11:54 बजे मंगुली के पास निरगुंडी में पटरी से उतर गए।

बचाव अभियान की निगरानी कर रहे कटक के जिलाधिकारी दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे ने कहा, दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद क्षेत्र में भीषण गर्मी के कारण कुछ यात्री बीमार भी पड़ गए। उन्होंने कहा, उनका दुर्घटना स्थल पर बनाए गए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में इलाज किया गया। दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए कुछ लोगों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें यात्रा के लिए स्वस्थ घोषित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में करीब 15 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

यह भी पढ़ें… ड्रिंक एंड ड्राइव में पकड़े जाने पर खुदकुशी कर ली

शिंदे ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों को कटक स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एससीबी एमसीएच) में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, सभी की हालत स्थिर है। एससीबी एमसीएच के प्रशासनिक अधिकारी सुभाष चंद्र रे ने कहा, एक व्यक्ति मारा गया है। ओड़िशा अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी (जिन्होंने दुर्घटना के बाद एनडीआरएफे के साथ मिलकर रेलवे की सहायता की) ने कहा कि बचाव अभियान पूरा हो गया है। (भाषा)

Exit mobile version