जुबली हिल्स उप-चुनाव के लिए तैयार रहें : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी नेताओं से कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। परिसीमन, महिला आरक्षण और एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसे कई मुद्दे आने वाले हैं। सीएम रेवंत रेड्डी ने आज पीसीसी मुख्यालय गांधी भवन में पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ की अध्यक्षता में पीसीसी राजनीतिक मामलों की समिति तथा पीसीसी कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया।

अवसर पर संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि मार्केट कमेटी और मंदिर कमेटी जैसे मनोनीत पदों पर शीघ्र भर्ती करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी को जुबली हिल्स विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने उप-चुनाव में पार्टी की जीत के लिए अभी से रणनीति तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमें कटिबद्धता से काम करना चाहिए ताकि कांग्रेस फिर से सत्ता में आ सकें। बूथ, गांव और मंडल स्तर पर पार्टी कमेटियों का गठन करने की आवश्यकता है।
पार्टी नेताओं को क्षेत्र स्तर पर काम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद तभी मिलेंगे, जब वे काम करेंगे। हमनें उन लोगों को पद दिए जिन्होंने पार्टी के मुश्किल समय में काम किया। पार्टी पद पर जिम्मेदारी से काम करने से मुझे सीएम पद मिला। पार्टी नेताओं को लक्ष्य निर्धारित करके काम करना चाहिए। मैं गांवों में जाने के लिए तैयार हूँ। पार्टी और सरकार को समन्वय के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, हमनें जातिगत जनगणना करके मोदी सरकार को चुनौती दी है।
यह भी पढ़ें… उप चुनाव में मिश्रित रहे परिणाम
प्रजा सरकार की उपलब्धियों पर कार्यकर्ताओं को निर्देश
हमनें केंद्र सरकार को जनगणना के साथ-साथ जातिगत जनगणना करने की स्थिति में ला दिया है। एससी वर्गीकरण में तेलंगाना देश के लिए उदाहरण के रूप में खड़ा है। हम तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन डॉक्यूमेंट ला रहे हैं। पिछले 18 महीनों का प्रजा सरकार का शासन राज्य के इतिहास में स्वर्णिम काल है। सरकार ने कई कल्याण योजनाओं को लागू किया है। सामाजिक मुद्दों का हल भी किया है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्हें गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक सक्रिय होना चाहिए।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी पद को कम नहीं आंकना चाहिए। पदों की उपेक्षा करने से कार्यकर्ताओं को अपूरणीय क्षति होगी। अगर बूथ स्तर पर पार्टी मजबूत होगी, तब ही सरकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता में ले जा सकते हैं। नेताओं को एकता से काम करते हुए पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। जनता और सरकार के बीच पार्टी नेताओं को पुल बनना होगा।

कांग्रेस पार्टी को वर्ष 2029 चुनावों में भी सत्तासीन करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर ही है। शीघ्र ही होने वाले स्थानीय चुनावों में पार्टी को जिताने का जिम्मा भी कार्यकर्ताओं पर ही है। बैठक में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने पिछले 18 महीनों के दौरान प्रजा सरकार द्वारा लागू किये गये विकास व कल्याण योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। अवसर पर पीसीसी मामलों की प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, सीडब्ल्यूसी सदस्य व मंत्री दामोदरराज नरसिम्हा, वंशी कृष्णा व अन्य नेताओं की मौजूदगी रही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





