भगत सिंह युवा सेना ने निकाली तिरंगा रैली
हैदराबाद, भगत सिंह युवा सेना द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर बेगम बाजार छतरी पर ध्वजारोहण कर विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोशल मीडिया पर्सनालिटी और देशभक्ति के प्रतीक हिंदुस्तानी भाऊ ने भाग लिया, जबकि आयोजन का नेतृत्व सेना के अध्यक्ष लड्डू यादव ने किया।













सुबह बेगम बाजार छतरी चौराहे पर ध्वजारोहण के बाद पूरा क्षेत्र भारत माता की जय, वंदे मातरम् और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। रैली में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। तिरंगा रैली का रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
हिंदुस्तानी भाऊ और टी. राजा सिंह ने दिया संदेश
हिंदुस्तानी भाऊ ने कहा कि आज हम आज़ाद हैं, क्योंकि स्वतंत्रता के लिए हमारे वीर सपूत हँसते-हँसते शहीद हो गए। तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल पर वक्त बर्बाद करने की बजाय समाज के लिए कुछ कर दिखाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा सिर्फ बॉर्डर पर बंदूक लेकर ही नहीं, बल्कि नशे, भ्रष्टाचार और अपराध मिटाकर भी होती है। जब तक हम एक हैं, कोई ताकत हमें हरा नहीं सकती। धर्म, जात-पात, भाषा के नाम पर हमें बाँटने वालों को सबक सिखाने का समय आ गया है। हमारा फर्ज तिरंगे को सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी को नहीं, बल्कि हर दिन दिल में लहराने का है।
विधायक टी. राजा सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान है और ताकत है। जो भी इस तिरंगे को अपमानित करेगा, समझ लो उसका नामोनिशान हिंदुस्तान की धरती से मिटा देंगे। देश तोड़ने की साज़िश रचने वालों को हम उनके घर में घुसकर जवाब देंगे। यहाँ पैदा हुए हैं, और यहीं मरेंगे। इस देश की मिट्टी को किसी गद्दार को कदमों तले रौंदने नहीं देंगे। उन्होंने युवाओं को चेताया कि सोशल मीडिया पर बैठे देश विरोधी दलाल युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अपनी शैली में कहा कि हम डरने वाले और झुकने वाले नहीं हैं।हिंदुस्तान में रहना है तो भारत माता की जय बोलना होगा, वरना यहाँ से निकलना होगा। उन्होंने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने लहू बहाकर इस तिरंगे को फहराया है। कोई गद्दार आकर इसे छू भी ले, यह हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जो हिंदुस्तान में रहकर पाकिस्तान का गुणगान करेंगे, उन्हें हम बॉर्डर पार भिजवा देंगे।
तिरंगा रैली में देशभक्ति और एकता का संदेश
लड्डू यादव ने कहा कि आजादी हमें थाली में परोस कर नहीं मिली, इसे हमारे पूर्वजों ने खून देकर प्राप्त किया। आज कुछ ताकतें देश की एकता और अखंडता को तोड़ने की साजिश कर रही हैं। ऐसी साजिश रचने वाले जान लें कि भगत सिंह के इस देश में गद्दारों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यह वक्त सिर्फ फोटो खिंचवाने और सोशल मीडिया में पोस्ट डालने का नहीं, बल्कि देश के लिए मैदान में उतरने का है। युवाओं को चाहिए कि वह सोशल मीडिया पर बेकार ट्रेंड्स फॉलो करने की बजाय राष्ट्रभक्ति का ट्रेंड शुरू करें। शरीर की ताकत और दिमाग की शक्ति को देश की तरक्की में लगाएँ।
तिरंगा रैली से पहले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। अवसर पर गोशामहल गुजरात के पवन सिन्धी, कलाकार धार्मिक, चरण यादव, पार्षद लाल सिंह, बीआरएस नेता शांति देवी, जिग्नेश दोशी, अविनाश देवड़ा, सरदार वाहेगुरु, सरदार मोना सिंह, आनंद गौड़, सुमित यादव, मुकुंद लाल यादव, भरत यादव, सुरेश माली, कुणाल सिंह, सूर्या शुक्ला, व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





