भारत इंस्टीट्यूट ने किया स्मार्ट इंडिया हैकाथन इंटरनल का आयोजन
हैदराबाद, स्मार्ट इंडिया हैकाथन इंटरनल-2025, जो एआईसीटीई और शिक्षा मंत्रालय द्वारा समर्थित प्रतिष्ठित नवाचार चुनौती है जिसका आयोजन भारत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (बीआईईटी) में आरंभ हुआ। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 126 टीमों ने भाग लिया, जो विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं से थीं। सभी टीमों ने बीआईईटी प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में स्थान पाने के लिए प्रतिस्पर्धा की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. पापिया दत्ता, संयोजक, स्मार्ट इंडिया हैकाथन, बीआईईटी के गर्मजोशी भरे और प्रेरणादायी स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने हैकाथन के उद्देश्यों और रचनात्मकता एवं तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद डॉ. वी. श्रीनिवास राव, डीन, बीआईईट और टी.पी. राव, प्लेसमेंट ऑफिसर ने अपना प्रेरक भाषण दिया और आज की तकनीक-प्रधान दुनिया में नवाचार और समस्या-समाधान के महत्व पर जोर दिया।
अपने संबोधन में, डॉ. पापिया दत्ता ने दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा और एजेंडा भी प्रस्तुत किया। पहले दिन टीमों ने गहन विचार-मंथन सत्रों और नवाचारी समाधानों के विकास पर कार्य किया। घंटों की कड़ी मेहनत और समस्या-समाधान के बाद 53 टीमों को 19 सितंबर को आयोजित होने वाले फाइनल राउंड के लिए चुना गया। हैकाथन के ग्रैंड फिनाले का मूल्यांकन बाहरी विशेषज्ञों के एक प्रतिष्ठित पैनल ने किया, जिनमें अग्रणी जियो स्पेशल प्रोफेशनल उत्तम श्रीधर शामिल थे।
यह भी पढ़े: 53वें रामायण मेला का आयोजन 22 सितंबर से
प्रो. कुमारस्वामी राव और डॉ. पापिया दत्ता ने निभाई मुख्य भूमिका
अवसर को भारत इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन वेणुगोपाल रेड्डी की उपस्थिति ने और भी गरिमा प्रदान की। हैकाथन की सफलता का श्रेय आयोजक समिति को जाता है, जिसका नेतृत्व प्रो. जी. कुमारस्वामी राव, निदेशक बीआईईटी ने संरक्षक के रूप में और डॉ. पापिया दत्ता ने संयोजक के रूप में किया। समिति में सह-संयोजक सुरेश कुमार, डॉ. नृपेश, डॉ. संदीप के.आर. विश्वकर्मा, शिवानी सिसोदिया, मुजम्मिल मुश्ताक, प्रत्युषा चौधरी, समरूत अ़फरीन और सुमैया शामिल थे, जिन्होंने कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्मार्ट इंडिया हैकाथन इंटरनल-2025 केवल एक प्रतियोगिता नहीं थी, बल्कि यह छात्रों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सह-पाठियों के साथ सहयोग करने और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का समाधान विकसित करने का उत्कृष्ट मंच साबित हुई। यह कार्यक्रम भव्य फिनाले के साथ संपन्न हुआ, जहॉं विजेताओं की घोषणा की गई और उत्कृष्ट टीमों को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये। इस प्रकार यह हैकाथन अविस्मरणीय और रोमांचक अनुभव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



