राचकोंडा में भरोसा केंद्र और कमांड कंट्रोल सेंटर उद्घाटित

हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने आज राचकोंडा पुलिस आयुक्तालय की परिधि के अंतर्गत मेडीपल्ली में प्रस्तावित सिटी ट्रेनिंग सेंटर (सीटीसी) की आधारशिला रखने के अलावा सरूरनगर में भरोसा सेंटर और कमांड कंट्रोल सेंटर के नए भवनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राचकोंडा पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

डीजीपी शिवधर रेड्डी सिटी ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन करते हुए

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से सिटी ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण के लिए डिविस लेबोरेटरीस के सहयोग से निधियाँ जारी की गई। लेबोरेटरीज द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए दिए गए सहयोग के प्रति पुलिस महानिदेशक ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए स्वीकृत यंग इंडिया पुलिस स्कूल के निर्माण के लिए भी सीएसआर योजना के माध्यम से सहायता का आश्वासन सराहनीय कार्य है।

यंग इंडिया पुलिस स्कूल में आम नागरिकों के लिए भी सीटें आरक्षित

शिवधर रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर यंग इंडिया पुलिस स्कूल में पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य लोगों के लिए भी 50 सीटें आवंटित की जा रही हैं। सिटी ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण से पुलिसकर्मियों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि चूँकि अपराधी अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े विभिन्न प्रकार के अपराध कर रहे हैं, इसीलिए पुलिसकर्मियों के लिए भी तदुनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता है।

डीजीपी शिवधर रेड्डी सिटी ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन करते हुए

शिवधर रेड्डी ने कहा कि इसके लिए ज़िले में भी प्रशिक्षण केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। राज्य सरकार ने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो को सशक्त किया है और उन्हें आवश्यक सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को एक गंभीर मामला माना जाना चाहिए। वाहन चालकों को रक्षात्मक ड्राइविंग और जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए आवश्यक न्यूनतम तरीकों का पालन करना चाहिए।

यह भी पढ़ें… मुहम्मद अजहरुद्दीन ने संभाला अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री का पद्भार

सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए दिसंबर में ‘अराइव अलाइव’ अभियान

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि दिसंबर माह में अराइव अलाइव नाम से वाहन चालकों और आरटीसी ड्राइवरों व सरकारी वाहन चालकों के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उनका मानना है कि केवल दुर्घटना होने पर ही उसके बारे में चिंतित होना उचित नहीं है, बिना यह सोचे कि ऐसी सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करना केवल पुलिस की जिम्मेदारी है।

इसके लिए समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सहयोग देना चाहिए। उन्होंने बताया कि भविष्य में सड़क हादसों को रोकने के बुनियादी तरीकों का पालन किया जाना चाहिए। इस दिशा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने में स्वयं सेवी संगठनों और समाज के सभी वर्गों के लिए भी अपनी भूमिका निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राचकोंडा आयुक्तालय के नए भवन के लिए 50 एकड़ भूमि आवंटित करवाने में एल.बी. नगर विधायक एम. सुधीर रेड्डी के प्रयासों की प्रशंसा की।

राचकोंडा पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू ने कहा कि कॉर्पोरेट कंपनियों के उदार भाव से आगे आने पर मूलभूत व आधारभूत संरचनाओं के निर्माण और सुधार के कार्यों में काफी सहायता प्राप्त होगी। इस संदर्भ में उन्होंने डिवीस लेबोरेटरीस के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने डिवीस के उपाध्यक्ष डी. मधु बाबू और लेबोरेटरीस के महाप्रबंधक सुब्बा राव की प्रशंसा की। लेबोरेटरीस के इन दोनों प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर राचकोंडा सुरक्षा परिषद के प्रतिनिधि गगनदीप और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए भरोसा केंद्र की स्थापना

पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए भरोसा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने सरूरनगर में भरोसा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भरोसा केंद्र पीड़ित महिलाओं को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने और कानून के अनुसार सभी प्रकार की काउंसिलिंग करने में उपयोगी होंगे। समस्याओं का सामना कर रही महिलाएँ भरोसा केंद्र से संपर्क कर सकती हैं। इस अवसर पर राचकोंडा पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू, तेलंगाना पुलिस हाउसिंग इफ्रा स्ट्रक्चर एण्ड कंसल्टेन्सी सर्विसेस कॉर्प लिमिटेड के प्रबंध-निदेशक एम. रमेश, महिला सुरक्षा विंग की पुलिस उपायुक्त टी. ऊषा रानी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button