हैदराबाद में बिधूड़ी के बयान की आँच, भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
हैदराबाद, भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर विवादास्पद टिप्पणी को लेकर हैदराबाद का माहौल गर्म हो गया। भाजपा नेता के बयान के विरोध में आज अचानक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय के निकट विरोध-प्रदर्शन कर रमेश बिधूड़ी का प्रतीकात्मक पुतला जलाया। इस दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर वाद-विवाद हुआ, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर पत्थर और अंडे फेंके। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कार्यालय के भीतर से लाठियां लाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने की वजह से भाजपा मुख्यालय के पास काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं को समझा बुझा कर शांत कराया।
दूसरी ओर दोपहर के समय भाजपा कार्यकर्ताओं के गांधी भवन स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय पर हमला कर मुख्यमंत्री के बैनर फाड़ने से स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई, इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा मुख्यालय तथा कांग्रेस मुख्यालय के पास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। इस घटना की वजह से नामपल्ली, एम.जे. मार्केट की व्यस्त सड़क पर काफी लंबा ट्रैफिक जाम भी हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11.45 कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय के निकट पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा तथा रमेश बिधूड़ी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान भाजपा के कुछ कार्यकर्ता कार्यालय के भीतर ही मौजूद थे। बाहर से शोर आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाहर का रुख किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के बाहर निकलते ही कांग्रेसी कार्यकर्ता जोर-जोर से नारे लगाने लगे। इसके बाद अचानक भाजपा कार्यालय पर पत्थर और अंडे फेंके गये। दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लाठियों से एक-दूसरे पर हमला भी किया। घटना में सिर पर पत्थर लगने की वजह से भाजपा के प्रदेश महासचिव डॉ. कासम वेंकटेश्वरलू घायल हो गये तथा आनंद गौड़ नामक पार्टी कार्यकर्ता के सिर से रक्त बहने लगा। बाद में दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया था, लेकिन दोपहर 3 बजे के आसपास भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने अचानक गांधी भवन पर हमला कर दिया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन की गेट पर लगे मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ के बैनर भी फाड़ दिए। इसी दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति पर काबू पाया। हिरासत में लिए जाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बोलाराम पुलिस स्टेशन, गोशामहल पुलिस ग्राउंड में स्थानांतरित किया, जबकि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी नगर के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में स्थानांतरित किया गया।
गांधी भवन की बुनियाद भी नहीं रहेगी : बंडी संजय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने अपनी शैली में आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ता अपने पर आ जाएँ, तो गांधी भवन व कांग्रेस पार्टी के कार्यालय की बुनियाद भी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता कानून को अपने हाथ में लेकर पत्थरों से हमला कर रहे हैं, ऐसे में राज्य सरकार क्या कर रही हैं?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 10-12 कांग्रेसी कार्यकर्ता इस तरह आकर हमला करेंगे, तो हमारे कार्यकर्ता क्या खामोश बैठेंगे? लाठी, डंडे, पत्थरों से हमला करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए बंडी संजय ने कांग्रेस पार्टी पर ही उनके कार्यकर्ताओं को हमला करने के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है, मौजूदा समय में प्रदर्शनी भी चल रही है, यदि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के पत्थर आम जनता को लग जाते, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता? उन्होंने कहा कि यदि कोई भाजपा की सहनशक्ति की परीक्षा लेने की कोशिश करेगा, तो उसे उचित जवाब भी मिलेगा। उन्होंने भाजपा कार्यालय पर हमला करने, कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
माफी मांगें मुख्यमंत्री : राजा सिंह
गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पार्टी कार्यालय पर हमले की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से क्षमा याचना करने की मांग की। केरल के सबरीमाला से वीडियो जारी करते हुए राजा सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में तेलंगाना की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के पास है। कानून-व्यवस्था की अमलावरी में क्या किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं से माफी मांगने की मांग करते हुए बताया कि हम भी अगर चाहे तो कांग्रेस कार्यालय को ध्वस्त कर सकते है, बुलडोजर चला सकते है, लेकिन यह हमारी संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि बयानबाजी के विरोध करने का अपना तरीका होता है। अगर कांग्रेस हमला कर विरोध करने की प्रथा आरंभ करना चाहती है, तो भाजपा भी तैयार है, जिस भाषा में कांग्रेसी समझेंगे, भाजपा उसी भाषा में जवाब देगी। उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।