पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर निकालने के लिए राज्यपाल से मिले भाजपा नेता
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से राज्य में अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की शीघ्र पहचान कर देश से बाहर निकाले जाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। उल्लेखनीय है कि गत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में आतंकी हमले के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ रोष व्याप्त है।
आज सुबह भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने राजभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से भेंट करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश भर में तनाव, पाकिस्तानी व आतंकवादी तथा देश में अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तानियों को लेकर भी गुस्सा है।
राज्यपाल से पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की मांग
राज्यपाल ने ज्ञापन स्वीकारने के बाद हर संभव कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या से हर किसी में गुस्सा है, यह हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना के निर्देश पर योजनाबद्ध तरीके से किया गया, जिससे भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को गंभीर चुनौती देने का प्रयास किया गया।

सांसद ने बताया कि आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कठोर जवाब देने की जानकारी दी। इसके तहत केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक संबंध सीमित कर दिए हैं, सिंधु जल समझौता भी समाप्त कर दिया गया है, पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं और उनकी देश से वापसी की प्रक्रिया भी चल रही है।
सांसद ने बताया कि राज्यपाल से राज्य के सभी जिलों में अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने के लिए प्रदेश सरकार को निर्देश देने की भी मांग की गई।अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. जी. विजय रामाराव, पूर्व विधायक चिंताला रामचंद्र रेड्डी, पूर्व विधायक एन.वी.एस.एस. प्रभाकर, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक एड्ला लक्ष्मीनारायणा, प्रदेश महासचिव जी. प्रेमेंदर रेड्डी, बंगारू श्रुति, पूर्व विधायक एस. वेंकटेश्वर राव, दुग्याला प्रदीप कुमार, डॉ. कसम वेंकटेश्वरलु सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



