हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव टी. वीरेंदर गौड़ ने सोशल मीडिया पर हैदराबाद को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से झूठा और भ्रामक प्रचार करार दिया। नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वीरेंदर गौड़ ने कहा कि कुछ लोग राज्य और नगर में भ्रम और अशांति फैलाने के लिए यह अफवाह फैला रहे हैं।
टी. वीरेंदर गौड़ ने साफ किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का हैदराबाद को यूनियन टेरिटरी बनाने का कोई विचार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भी बीआरएस और मजलिस पार्टियों के साथ मिलकर कांग्रेस ने इसी तरह की झूठी अफवाहें फैलाई थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब उत्तर-दक्षिण विभाजन का मुद्दा उठाकर और लोगों में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़े : तेलंगाना हाई कोर्ट : कांचा गच्चीबावली में हवाई अड्डे की भूमि का अधिग्रहण रद्द
वीरेंदर गौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की अफवाह फैलाने के पीछे कांग्रेस और सोरोस नेटवर्क जैसे राजनीतिक इकोसिस्टम का हाथ है। इसका एकमात्र उद्देश्य देश और राज्य में अराजकता और गलतफहमी पैदा करना है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल सत्य और तथ्यों पर ध्यान दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हैदराबाद हमेशा तेलंगाना का हिस्सा रहा है और भविष्य में भी रहेगा।
