मूसी नदी परियोजना पीड़ितों के समर्थन में भाजपा का महाधरना
सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों के घरों को ध्वस्त करना अस्वीकार्य : किशन रेड्डी
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज मूसी नदी परियोजना पीड़ितों के समर्थन में इंदिरा पार्क में आयोजित महाधरना में सौंदर्यीकरण के नाम पर घरों को ध्वस्त करने का विरोध किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के नेतृत्व में इंदिरा पार्क के पास धरना चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार से मूसी किनारे आवासीय क्षेत्रों से लोगों को बेदखल करने की योजना को निरस्त करने की माँग की गई।
किशन रेड्डी ने कहा कि भाजपा मूसी नदी के पुनरुद्धार के नाम पर गरीबों के घरों को ध्वस्त करने का कड़ा विरोध करती है। भाजपा मूसी नदी के जलग्रहण क्षेत्र के विस्थापितों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मूसी नदी के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के खिलाफ नहीं है, लेकिन गरीबों के घरों को ध्वस्त करना अस्वीकार्य है। पार्टी का उद्देश्य गरीबों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा करना है। भाजपा सरकार को उनके घर नहीं तोड़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा मूसी नदी सौंदर्यीकरण परियोजना के नाम पर गरीबों के घर तोड़ने की घोषणा करना शर्मनाक है। किशन रेड्डी ने सुझाव देते हुए कहा सरकार मूसी के दोनों ओर एक रिटेनिंग वॉल बनाए। इसके बाद नदी के पुनरुद्धार के लिए जो भी योजना है, उसे लागू करे। उन्होंने कहा कि लोगों को विस्थापित किए बिना भी इस परियोजना को लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों ने इन निवासियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जारी करते हुए सभी सुविधाएँ प्रदान कीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने तोड़-फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि हैद्रा की कार्रवाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है।
किशन रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी मूसी जलग्रहण क्षेत्र के हर घर जाकर विवरण एकत्र करेगी और आने वाले दिनों में गरीबों के पक्ष में अभियान को तेज करेगी। अगर राज्य सरकार गरीबों के घर तोड़ने का फैसला वापस नहीं लेती है, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में जीएचएमसी और मेट्रो वाटर वर्क्स फंड की कमी से जूझ रहे हैं। हैदराबाद में बुनियादी ढाँचे की कमी है। राज्य सरकार को 1.5 लाख करोड़ रुपये के मूसी सौंदर्यीकरण के विज्ञापनों के साथ लोगों को मूर्ख बनाने की कोशिश बंद करनी चाहिए। किशन रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस छह गारंटी देकर और चार सौ वादे करके सत्ता में आई, लेकिन वादे पूरे न करके लोगों को धोखा देने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीआरएस की पिछली सरकार की तरह कांग्रेस भी जनविरोधी नीतियों का पालन कर रही है। भाजपा गरीबों के घरों को ध्वस्त करने और उन्हें बेघर करने की रेवंत सरकार की सभी कोशिशों को विफल करते हुए लोगों को समर्थन में दृढ़ता के साथ खड़ी रहेगी।
केंद्रीय गफह राज्य मंत्री बंडी संजय ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पार्टी के धोखे और लोगों के घरों को ध्वस्त करने का पुरजोर विरोध करती है। भाजपा मूसी पीड़ितों के साथ उनकी आवाज बनकर खड़ी है। विधायक वेंकटरमण रेड्डी ने कहा कि पिछले तीन माह से कांग्रेस सरकार हैद्रा के नाम पर लोगों को आतंकित कर रही है। अब मूसी जलग्रहण क्षेत्र में इसके नाम से गरीब लोग परेशान हैं। लोगों की नींद उड़ी हुई है कि शनिवार व रविवार को कौन सा घर चिह्नित कर उसे तोड़ दिया जाएगा। मकानों को अनुमति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसमें शामिल तत्कालीन मंत्रियों और मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किये बिना मकान तोड़ना अनुचित है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. एन.वी.एस.एस. प्रभाकर ने कहा कि यह कोई सामान्य धरना नहीं है, बल्कि सैकड़ों लोगों की जिंदगी से जुड़ा कदम है। यह महाधरना दर्शाता है कि भाजपा गरीबों की पार्टी है। पिछली बीआरएस सरकार की तरह आज की कांग्रेस सरकार भी सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों के घरों को उजाड़ना चाहती है। हम मूसी सौंदर्यीकरण के नाम पर छिपे भ्रष्टाचार और कारोबार को उजागर करते हुए राज्य सरकार की साजिशों को नाकाम करेंगे।