ब्रिटेन: चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू को रिहा किया गया
लंदन: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को लगभग 12 घंटों तक हिरासत में पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने पूर्व प्रिंस को सरकारी पद पर गलत व्यवहार के आरोपों में गुरुवार 19 फरवरी की सुबह उनके 66वें जन्मदिन पर नॉरफॉक में सैंड्रिंघम स्टेट के वुड फॉर्म से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया है कि देर शाम एंड्रूयू को जांच के तहत रिहा कर दिया गया है। इसका मतलब है कि एंड्रयू अभी हिरासत में नहीं है लेकिन उनके व्यवहार को लेकर आपराधिक जांच अभी भी जारी है। एंड्रयू पर लगाए गए आरोप ब्रिटेन के इंटनेशनल ट्रेड और इन्वेस्टमेंट के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर उनकी भूमिका से जुड़े हैं।
अमेरिका में हाल ही में रिलीज हुई यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के रिलीज ने ब्रिटेन के शाही घराने में तूफान ला दिया है। एपस्टीन फाइल से पता चला है कि पूर्व प्रिंस एंड्रयू ने जेफरी एपस्टीन के साथ संवेदनशील सरकारी रिपोर्ट शेयर की थी। कानूनी जानकारों का कहना है कि इंग्लैंड और वेल्स में सरकारी पद पर गलत काम करना एक गंभीर अपराध है। इसके लिए उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। हालांकि, एंड्रयू ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है।
किंग चार्ल्स ने कहा- कानून करे अपना काम
एंड्रयू की गिरफ्तारी को लेकर बकिंघम पैलेस ने पारदर्शिता का रुख बनाए रखा है और पूर्व प्रिंस के मामले में किसी भी तरह की सहानुभूति नहीं दिखाई है। किंग चार्ल्स-III ने कहा कि उनके भाई एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के मामले की जांच में कानून को अपना काम करना चाहिए। इसके पहले बकिंघम पैलेस ने इस महीने की शुरुआत में एक बयान जारी कर कहा था कि वह एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के आचरण की पुलिस जांच में सहयोग करने के लिए ‘तैयार’ है। एंड्रयू से पिछले साल महाराजा द्वारा ‘प्रिंस’ और ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ की सभी शाही उपाधि वापस ले ली गई थी।
एंड्रयू को कोई खास ट्रीटमेंट नहीं
इस बीच रिपोर्ट से पता चलता है कि हिरासत के दौरान एंड्रयू को बिना किसी खास ट्रीटमेंट के रखा गया था। एंड्रयू की गिरफ्तारी ऐसे दिन हुई, जब उनका 66वां जन्मदिन भी था। टेम्स वैली पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, ‘गहन मूल्यांकन के बाद, हमने सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है।’ उन्होंने कहा, ‘इस कथित अपराध की जांच करते समय यह महत्वपूर्ण है कि हम निष्पक्षता और अखंडता बनाये रखें।’
उन्होंने कहा, ‘हम इस मामले में जनता की व्यापक रुचि को समझते हैं और उचित समय पर विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे।’ ब्रिटेन के कानून के अनुसार, किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के पास अपराध होने का संदेह करने के लिए उचित आधार और संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार करना आवश्यक मानने के लिए ठोस आधार होना चाहिए। (भाषा)
यह भी पढ़े– पाकिस्तान अब तक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के प्रहार से नहीं उबरा : राजनाथ सिंह
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



