बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए तैयार हो रहा है सीसीआरटी

हैदराबाद, माधापुर हाईटेक सिटी क्षेत्र सॉफ्टवेयर उद्योग के साथ-साथ बीते कुछ वर्षों से शहर के पश्चिमी इलाकों का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक केंद्र बनकर उभरा है। शिल्पकला वेदिका और हाईटेक्स के अलावा भी यहाँ कई सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र स्थापित हैं। सीसीआरटी का नया सांस्कृतिक केंद्र भी अब इसमें एक नये आकर्षण के रूप में जुड़ने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज माधापुर स्थित सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया और सीसीआरटी परिसर में संगीत नाटक अकादमी के तहत आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की।

केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने सीसीआरटी का दौरा करने के बाद मीडिया को बताया कि संगीत नाटक अकादमी के तहत आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कार्य पूर्णता के करीब है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हैदराबाद बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए लगभग पूरी तरह रवींद्र भारती पर निर्भर है और शहर को अतिरिक्त स्थलों की अत्यधिक आवश्यकता है। तेजी से विस्तार कर रहे महानगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थानों की भारी मांग है।

यह भी पढ़ें… हयातनगर में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र : श्रीधर बाबू

सीसीआरटी में नये सांस्कृतिक केंद्र की मंज़ूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समय दी थी, जब किशन रेड्डी केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री थे। किशन रेड्डी ने बताया कि लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना दिसंबर तक पूरी होने की उम्मीद है। यह केंद्र कलाकारों और फिल्म उद्योग के लिए अपने काम को प्रदर्शित करने का एक मंच प्रदान करेगा। यह केंद्र संगीत नाटक अकादमी के क्षेत्रीय केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक अंतर को पाटना है। किशन रेड्डी ने कहा कि अकादमी मुख्य सभागार को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत करने के लिए अतिरिक्त धनराशि जारी करने के लिए भी तैयार है।

Exit mobile version