भीतर के बदलाव से आता है परिर्वतन

संसार में हर इंसान की इच्छा होती है कि उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन हो, सब कुछ बेहतर हो, खुशियां हों, सपने पूरे हों, आपस का प्यार बढ़े और जीवन की गाड़ी बिना अवरोध के चलती रहे, लेकिन इतनी कामनाओं के बावजूद हर किसी के जीवन में ये सारी चीजें नहीं होती हैं। ज्यादातर सांसारिक लोगों के लिए जीवन में भय, असुरक्षा, असंतोष और एक तरह का उचाटपन हावी रहता है। चाहे वो निर्धन हो या धनवान, हाय-तौबा सबके जीवन में लगा रहता है।

धनवान और धन पाने के लिए उलटे सीधे काम में लगा रहता है तथा निर्धन दूसरों को देखकर खुद को कोसता रहता है। हर हाल में संताप संसार के लोगों के जीवन का हिस्सा बन कर रह जाता है, जबकि सच्चाई यह है कि खुशियों के लिए, आनंद के लिए, एक अच्छे जीवन के लिए संसार की किसी वस्तु की जरूरत नहीं है, लेकिन हम तरह-तरह की बाजारू चीजों, तंत्र-मंत्र, ताबीज आदि से जीवन में बदलाव लाने की कोशिश में लगे रहते हैं।

अज्ञानता और बाजारू तंत्रों पर बढ़ती निर्भरता का सच

हर समस्या के लिए बाजार के ठगों ने यंत्र-तंत्र बना रखे हैं। तरह-तरह की धार्मिक भावनाओं को उकेरकर रोज टीवी पर अपना सामान बेचते रहते हैं। अरबों-खरबों का यह व्यवसाय लगातार पांव पसार रहा है तो इसके पीछे हमारी अज्ञानता है। हम ज्ञान मार्ग का अनुसरण नहीं करना चाहते। चार लाख की हेरा-फेरी करके चार हजार का सुरक्षा कवच पहन लेने से कुकर्मों का नाश नहीं हो सकता और न ही भाग्योदय हो सकता है। भाग्य कर्म के अधीन है।

पुण्य कर्मों से ही भाग्य बनता है और हमारी सोच यह बन गई है कि हम लूट करते रहें और दसवंत चढ़ाकर इससे मुक्ति पा लेंगे। यह ठग विद्या कुदरत के यहां नहीं चलती। हमारी चालाकी हमें बचाती नहीं है, उलझाती और फंसाती है। बहुत से लोगों में यह सोच होती है कि परिस्थितियों में बदलाव नहीं लाया जा सकता है। परिस्थितियों के बदलने का इंतजार करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं हो सकता है। सच्चाई यह है कि सच्ची खुशी और जीवन का असली आनंद पाने के लिए परिस्थितियों को विजित करने की जरूरत है। परिस्थितियों में बदलाव लाने के लिए खुद को बदलना होगा।

भाग्यवाद से बाहर निकलकर पुरुषार्थ की ओर बढ़ें

हम परिस्थितियों के बदलने का इंतजार करते रहते हैं और अपनी स्थिति के लिए दूसरों को कोसते रहते हैं। कभी देवी-देवताओं के आगे नाक रगड़ते, कभी ज्योतिष तो कभी दूसरे बाजारू सामानों से प्रारब्ध बदलने में जुटे रहते हैं, लेकिन बदलता कुछ भी नहीं है। जीवन में बदलाव तब आता है, जब हम अपने अंतर में झांकते हैं, अंदर बदलाव लाते हैं और अपने ऊपर काम करते हैं। परिस्थितियों के आगे घुटने टेकने से परिस्थितियाँ जीवन पर हावी हो जाती हैं।

हम परिस्थितियों के नियंत्रण में चले जाते हैं। यह बड़ी सच्चाई है कि हमारा भाग्यवादी दृष्टिकोण हमें पुरुषार्थ करने से रोकता है। हम पूरा जीवन विलाप में गुजार देते हैं। जीवन में जो भी इंसान सफल है, उसने कभी परिस्थितियों को बदलने में समय नहीं गंवाया, बल्कि खुद को बदलकर परिस्थितियों पर विजय पाई है। पड़ोसी को हम नहीं बदल सकते, लेकिन खुद को बदल सकते हैं। सामने वाला नहीं समझ रहा हो तो हमें समझना चाहिए। समझदारी यही है कि हम अपने ऊपर काम करें, खुद को बदलें। खुद को बदलना असंभव नहीं है। हाँ, थोड़े धैर्य की जरूरत है।

आंतरिक बदलाव के बिना बाहरी परिवर्तन असंभव क्यों?

जब तक भीतर से नहीं बदलेंगे, बाहर बदलना असंभव है। बहुत से लोग प्रश्न करते हैं कि खुद के भीतर बदलाव लाने के लिए हमें क्या करना चाहिए? बहुत से लोग खुद को बदलने की कोशिश करते हैं। हमें यह याद रखना चाहिए कि पुराने और सड़े-गले विचारों के साथ हम खुद को नहीं बदल सकते। खुद के बदलाव के लिए जरूरी है कि हम आध्यात्मिक चिंतन, अध्ययन और मनन करें। आध्यात्मिक गतिविधियों में हिस्सेदारी करने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

यह भी पढे़: ज्ञान का नेत्र आत्मचेतना का द्वार

कई आध्यात्मिक संस्थाएं हैं, जो बहुत ही ईमानदारी से लोगों में ज्ञान का प्रवाह कर रही हैं। इनसे जुड़ा जा सकता है। संतों की वाणी, उनकी जीवन-शैली और उनके बताये मार्ग पर चलकर हम अपने जीवन में आनंद ही आनंद पा सकते हैं। ज्ञान का मार्ग ही सर्वबाधाओं से मुक्ति का एक मात्र उपाय है। खुद की पहचान जब तक नहीं होगी, हम गलतियाँ करते जाएंगे। जब तक हम गलतियाँ करते रहेंगे, शांति नहीं हो सकती। संसार में जिन कर्मों को हम अच्छा मानते हैं, आध्यात्मिक रूप से वे गलत होते हैं। अध्यात्म की शरण आइए। खुद को बदलने में आपको पूरी मदद मिलेगी।

-सूरज रजक

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button