गिरीजनों की भाषा व संस्कृति पर प्रहार कर रही हैं क्रिश्चियन मिशनरी : कल्याण नायक
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कल्याण नायक ने राज्य के गिरीजन तांडाओं में ईसाई मिशनरियों द्वारा गिरीजनों का धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में बिना अनुमति के करीब 3 हजार चर्च गिरीजन इलाकों में धर्मांतरण को अंजाम दे रहे हैं, सरकार की जिम्मेदारी है इन्हें रोके।
पार्टी मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सेनावत रवि नायक की अध्यक्षता में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भव्य रूप से मनाई गई। इसके अंतर्गत बिरसा मुंडा को श्रृद्धांजलि देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. कल्याण नायक ने कहा कि बिरसा मुंडा ने ब्रिटिशों के खिलाफ काफी कम आयु में लड़ाई लड़ी और धर्मांतरण के खिलाफ वह डटकर लड़े।
कल्याण नायक ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय अनुसार यदि कोई गिरीजन धर्मांतरण करता है, तो उसे आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार से माँग की कि धर्मांतरण करने वाले गिरीजनों को आरक्षण का लाभ न दिया जाए। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ईसाई मिशनरी हर रविवार को गिरीजन तांडाओं में जाकर धर्मांतरण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गिरीजनों की भाषा, संस्कृति पर हमला किया जा रहा है, इसलिए हर गिरीजन तांडा में संत सेवालाल, माँ जगदम्बा आदि की प्रतिमाएँ स्थापित किए जाएँ।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स में पैसे बाँटकर जीती है कांग्रेस : केटीआर
धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं पर गिरीजनों की सुरक्षा की माँग
कल्याण नायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की आलोचना करते हुए कहा कि 10 साल सत्ता में रहने के बावजूद गिरीजनों के जीवन में कोई परिवर्तन नहीं किया। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के 2 साल के शासन में भी गिरीजनों की हालत वैसी है। उन्होंने कहा कि गिरीजन बहुल क्षेत्रों खम्मम, नलगोंडा, आदिलाबाद आदि क्षेत्रों में धर्मांतरण की घटनाएँ दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही हैं।
एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि नायक ने चुनाव के पहले कांग्रेस द्वारा चेवेल्ला ट्राइबल डिक्लेरेशन में गिरीजनों से किए वादों की याद दिलाते हुए उन्हें तुरंत निभाने की माँग की। उन्होंने कहा कि पूर्व केसीआर सरकार ने गिरीजनों को पोडू भूमियाँ देने का वादा किया था, परंतु नहीं निभाया। उस समय कांग्रेस ने पोडू भूमियाँ गिरीजनों को देने का वादा किया था, अब सरकार इसे भुला बैठी है। उन्होंने कहा कि करीब 12 लाख एकड़ पोडू भूमि है, जिस पर गिरीजन खेती करते रहे हैं। करीब साढ़े तीन लाख गिरीजनों पोडू रैतु ने भूमियों के लिए सरकार को आवेदन किया है। उन्होंने सरकार से तुंरत आवेदनों को स्वीकार कर भूमि देने की माँग की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



