विशाखापटनम में स्थापित होगा कॉग्निजेंट का नया आईटी परिसर
आंध्र प्रदेश सरकार से स्वीकृति, 2026 से शुरुआत
₹1,583 करोड़ का निवेश, 8,000 से अधिक रोजगार के अवसर
हैदराबाद, प्रौद्योगिकी एवं पेशेवर सेवाओं से जुड़ी संस्था कॉग्निजेंट आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम में नए आईटी परिसर की स्थापना करेगी, जिस पर 1583 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह परिसर कपुलुप्पाडा के आईटी हिल्स क्षेत्र में बनेगा, जिसके लिए राज्य सरकार ने भूमि आवंटित की है।
कॉग्निजेंट के प्रमुख रवि कुमार एस में बताया कि विशाखापटनम परिसर तीन चरणों में विकसित किया जाएगा। इससे 8,000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल सेवाओं में कंपनी की भूमिका को और सशक्त बनाएगी। इस परियोजना को राज्य मंत्रिपरिषद से मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडु के नेतृत्व में स्वीकृति मिली है। कंपनी 2026 से एक अस्थायी केंद्र से कार्य प्रारंभ करेगी, जहाँ 800 कर्मचारियों की व्यवस्था होगी। परिसर का पहला चरण 2029 की शुरुआत तक पूरा किया जाएगा।
राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने बताया कि यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देगी, बल्कि तकनीकी दक्षता और रोजगार वृद्धि में भी योगदान देगी। उन्होंने आईटी क्षेत्र के विकास हेतु नीति, अधोसंरचना और सुगमता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कॉग्निजेंट ने 2024 से अब तक भुवनेश्वर, इंदौर और गुजरात की गिफ्ट सिटी में सेवा केंद्र शुरू किए हैं, जो नवीन कार्यप्रणालियों और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। भारत में कॉग्निजेंट के लगभग तीन लाख कर्मचारी कार्यरत हैं, जो कुल वैश्विक कार्यबल का 70 प्रतिशत से अधिक हैं। बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, पुणे, कोलकाता, मुंबई सहित अनेक शहरों में पहले से ही कंपनी की मज़बूत उपस्थिति है।
यह भी पढ़ें..डार्विनबॉक्स के ESOP बायबैक से 350 कर्मचारियों को मिली हिस्सेदारी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



