महिला सुरक्षा में कांग्रेस विफल : शिल्पा रेड्डी
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी ने चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। तेलंगाना में महिला सुरक्षा केवल प्रचार तक सीमित होकर रह गई है। काफी दयनीय स्थिति है क्योंकि कांग्रेस सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह से विफल हो चुकी है ।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शिल्पा रेड्डी ने एमएमटीएस ट्रेन में बलात्कार की कोशिश तथा बचने के प्रयास में रेल से कूदी युवती के गंभीर रूप से घायल होने को लेकर चिंता जताई और सरकार से घटना के जिम्मेदार अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
महिलाओं की सुरक्षा और चिकित्सा सुविधा पर शिल्पा रेड्डी की मांग
उन्होंने सरकार से राज्य के हर बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व मेट्रो रेल स्टेशनों पर विशेष तौर पर महिला सुरक्षा का प्रबंध करने, महिलाओं के लिए विशेष पुलिस फोर्स का प्रबंध करने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से बलात्कार व अत्याचार जैसे सभी मामलों का केवल 6 महीनों में परिष्कार करने की मांग की।उन्होंने कहा कि एमएमटीएस रेल में भी महिला सुरक्षित नहीं है, रेल के भीतर महिला पर बलात्कार की कोशिश होना तथा आबरू बचाने रेल से उसका कूदना सरकार की विफलताओं को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं पर लैंगिक प्रताड़ना, बलात्कार, अत्याचार के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। इन मामलों की जांच क्यों तेजी से आगे नहीं बढ रही है, सरकार जवाब दे। उन्होंने प्रश्न किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए शी टीम्स, शक्ति पुलिस व्यवस्था कहां है, वहीं महिला पुलिस थाने कहां हैं, सरकार जवाब दे।
यह भी पढ़ें… किसान ऋण माफी को लेकर सदन में हंगामा
शिल्पा रेड्डी ने बताया कि केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय के आदेशों पर घायल महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गांधी अस्पताल से हटाकर उन्होंने (शिल्पा) सिकंदराबाद के यशोदा अस्पताल के एमर्जेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी व बंडी संजय ने गांधी अस्पताल के प्रमुख डॉक्टरों से फोन पर बात करके दी जा रही चिकित्सा के बारे में जानकारी ली, वहीं उसके परिजनों के साथ फोन पर बात कर साथ होने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों ने गांधी अस्पताल में पीड़िता को उत्तम चिकित्सा देने में देरी होने के प्रति चिंता जताई और तुरंत ही यशोदा अस्पताल ले जाने के आदेश दिए। उनके आदेशों पर ही उसे यशोदा अस्पताल में भर्ती किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





