विकास रोधी बन चुकी है कांग्रेस : एन.वी. सुभाष
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में विकास मंत्र को लेकर भारत को प्रगति पथ पर आगे ले जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस शासित राज्य देश के लिए विकास रोधी बन चुके हैं।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए एन.वी. सुभाष ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि तेलंगाना की जनता से किए वादे निभाने में विफल हुई कांग्रेस सरकार ने जनता को धोखा दिया। हर वर्ग के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि इसके चलते जिस राज्य में रेवंत रेड्डी प्रचार के लिए गए, वहां कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने हरियाणा व महाराष्ट्र में भाजपा की भारी जीत व कांग्रेस की हार का उदाहरण दिया। उन्होंने फार्मा सिटी के लिए लगचर्ला में किसानों व गिरिजनों की भूमियां अधीन किए जाने के भारी विरोध, गिरिजनों पर पुलिस की बर्बरता, केस दर्ज करके जेल भेजे जाने का उल्लेख किया और कहा कि रेवंत रेड्डी का यह हथकंडा भी विफल हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुहबूबनगर में खुद किसानों को धमकाया कि विकास के लिए कुछ नुकसान उठाना अनिवार्य है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव व विधान परिषद के लिए होने वाले चुनावों में भी कांग्रेस को हरियाणा व महाराष्ट्र जैसी हार का सामना करना पड़ेगा। अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव डॉ. प्रकाश रेड्डी ने रेवंत सरकार पर केंद्र सरकार की राज्य को दी जा रही निधियों को दूसरी योजनाओं के लिए मोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि जिस प्रकार जनता के साथ मुख्यमंत्री ने धोखा किया, उससे हर वर्ग नाराज है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के प्रति 10 सालों में जो आक्रोश पैदा हुआ था वह रेवंत सरकार के प्रति केवल 1 साल में ही पनप चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 10 साल के शासन व राज्य की कांग्रेस सरकार के 1 साल पर सार्वजनिक चर्चा के लिए आने की चुनौती दी है, जिसे भाजपा स्वीकार करती है। अब मुख्यमंत्री बताएं कब और कहां आना है।