कांग्रेस ने संविधान के साथ खिलवाड़ किया : शाह
नई दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने संविधान को एक परिवार की निजी जागीर माना और संसद के साथ धोखाधड़ी की।
भारत के संविधान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर दो दिवसीय चर्चा पर सरकार का पक्ष रखते हुए शाह ने तुष्टिकरण की राजनीति के लिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए कांग्रेस 50 फीसदी आरक्षण की सीमा को तोड़ना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या वह मुस्लिम पर्सनल लॉ का समर्थन करती है? साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कभी काम नहीं किया।
शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता ला चुकी है और आने वाले दिनों में इसे सभी राज्यों में लागू करेगी। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को जिम्मेदार हराया गया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को ईवीएम के खिलाफ झूा अफवाहें फैलाना छोड़कर सत्ता में लौटने के लिए तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति के साथ ही भ्रष्टाचार की अपनी कारगुजारियों पर आँसू बहाना चाहिए। (भाषा)