कांग्रेस का 1 लाख करोड़ रुपये बिना ब्याज कर्ज का वादा बोगस : हरीश राव
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक व पूर्व मंत्री टी. हरीश राव ने स्वयं सहायत समूहों (एसएचजी) को कांग्रेस द्वारा 1 लाख करोड़ रुपये के बिना ब्याज कर्ज देने के वादे को बोगस करार दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व बीआरएस शासन में जो 5 लाख रुपये बिना ब्याज दिए जा रहे थे, वही यह सरकार अमल कर रही है।
विधानसभा लॉबी में मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में हरीश राव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव शासन के दौरान 2 मार्च, 2015 को जीओ नंबर 2 जारी कर एसएचजी को 5 लाख रुपये तक बिना ब्याज कर्ज दिया गया। कांग्रेस सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपये तक के कर्ज बिना ब्याज देने का वादा किया था, लेकिन पूर्व केसीआर सरकार के जारी जीओ के अनुसार केवल 5 लाख रुपये तक ही बिना ब्याज कर्ज दे रही है। इसके अतिरिक्त कर्ज पर ब्याज वसूला जा रहा है। यह सरासर धोखा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किए जा रहे हर वादे को कांग्रेस सरकार भुला चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री कोई घोषणा करते हैं, तो उसे अमल किया जाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस के शासन में मुख्यमंत्री के वादे हवा में हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के कर्ज माफ करने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 30 नबंवर को 3 लाख 13 हजार किसानों के 2,474 करोड रुपये माफ किए जाने की जानकारी दी, लेकिन यह राशि किसानों के खातों में अब तक जमा नहीं की गई।