तेलंगाना में गाँवों से 1 लाख गांधी प्रतिमाएँ जमा करेगी कांग्रेस
हैदराबाद, तेलंगाना में गांधीजी की विश्व में सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित करने के लक्ष्य को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस समिति राज्यभर में गाँव-गाँव अभियान चलाकर 1 लाख गांधी प्रतिमाएँ एकत्रित करेगी और फिर उनकी प्रदर्शनी लगायी जाएगी।
गांधी भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने गांधीजी की प्रतिमा संग्रह अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि गांधी ज्ञान प्रतिष्ठान की स्वर्ण जयंती के अवसर पर तेलंगाना राज्य सरकार ने दुनिया में गांधीजी की सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। सरकार के इस कार्य के समर्थन में एक लाख गांधीजी की प्रतिमाएँ एकत्र करने का अभियान आज शुरू किया गया है।
यह भी पढ़ें… यादाद्रि में शीघ्र शुरू होगा एमएमटीएस दूसरे चरण का कार्य : किशन रेड्डी
बापू बाटा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया
राज्यभर से एक लाख गांधीजी की प्रतिमाएं एकत्रित करने और उन्हें हैदराबाद शहर में प्रदर्शित करने तथा सरकारी व निजी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों, पुलिस स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर रखने का कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। राज्य आर्य वैश्य निगम की अध्यक्ष कलवा सुजाता और तेलंगाना अल्पसंख्यक निगम के अध्यक्ष दीपक जान भी अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने बापू बाटा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
संगठन के अध्यक्ष डॉ. गुन्ना राजेंद्र रेड्डी और गांधी ज्ञान केंद्र समिति के संयोजक गांधारी प्रभाकर ने कहा कि इस प्रचार रथ का उपयोग 33 जिलों के सभी मंडल केंद्रों में घूमकर गांधी प्रतिमाओं को एकत्रित करने और गांधीजी के सिद्धांतों का व्यापक प्रचार करने और गांधी के सतत ज्ञान को क्षेत्रीय स्तर पर सभी तक पहुँचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए किया जाएगा। अवसर पर स्वर्ण जयंती समिति के उपाध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, नागेश्वर राव, उपाध्यक्ष नीरुदु दयाकर रेड्डी, सुभाष चंद्रा, यानाला प्रभाकर रेड्डी एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



