तेलंगाना में 2034 तक सत्ता में रहेगी कांग्रेस : रेवंत रेड्डी

Ad

हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में 2034 तक कांग्रेस ही सत्ता में बनी रहेगी और सरकार राज्य के बहुआयामी विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनावों तक सीमित है, लेकिन विकास कार्यों में सभी को साथ लेकर चलने की नीति प्रभावी रहेगी।

मुख्यंममंत्री रेवंत रेड्डी ने निर्मल एवं आदिलाबाद का दौरा किया। उन्होंने आदिलाबाद जिले के निवासियों को आश्वासन दिया कि आदिलाबाद को वर्ष 2034 तक एक औद्योगिक हब, पर्यटन केंद्र और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को निर्मल जिले में बासर ज्ञान सरस्वती मंदिर के विस्तार के लिए 225 करोड़ के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मंदिर में उन्होंने अपने पोते रियान्श का अक्षराभ्यास भी करवाया।

इसके बाद आदिलाबाद जिले के बाजार हथनूर मंडल के पिपरी गांव में प्रजा पालना कार्ययोजना के तहत आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास के लिए यदि और धन की आवश्यकता पड़ी तो राज्य सरकार खर्च करने में नहीं हिचकिचाएगी। पिपरी वही गांव है, जहां से उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने पांच वर्ष पहले अपनी पीपुल्स मार्च पदयात्रा शुरू की थी, जो 1,400 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए खम्मम में समाप्त हुई थी। पिपरी की जनसभा में उन्होंने 1,238 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें तीन यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल, स्थानीय लिफ्ट सिंचाई योजनाएं और सड़क कार्य शामिल हैं।

मंदिर बासर से भद्राचलम तक विकसित क्षेत्र में शामिल होगा

रेवंत रेड्डी ने मंचिरियाल जिले में गोदावरी नदी के किनारे स्थित गूडेम गुट्टा सत्यनारायण स्वामी मंदिर को 500 करोड़ के गोदावरी पुष्करालु विकास कार्यों में शामिल करने के निर्देश दिए। यह मंदिर बासर से भद्राचलम तक विकसित किए जा रहे क्षेत्र में आता है। यह घोषणा मंचिरियाल के विधायक के. प्रेमा सागर राव के अनुरोध के बाद की गई, जिन्होंने कहा कि इस मंदिर का उन्नयन आवश्यक है क्योंकि यहां राज्य और बाहर से लोग सत्यनारायण व्रतम करने आते हैं।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस वर्ष 2 जून से पहले आदिलाबाद में प्रस्तावित हवाई अड्डे का शिलान्यास किये जाने की संभावना है। एयरपोर्ट गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने हजारों एकड़ में आदिलाबाद में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण तेजी से किया जा रहा है। इससे स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार मिलेगा। सीएम ने कहा कि जल्द ही आदिलाबाद में एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। कांग्रेस सरकार तुम्मिडीहेत्ती से चेवेला तक प्राणहिता-चेवेला परियोजना के निर्माण को पूरा करने की जिम्मेदारी लेगी।

Ad

कांग्रेस नेताओं द्वारा मंडलों और राजस्व प्रभागों के पुनर्गठन की मांग पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार ने निर्देश दिए हैं कि 31 मार्च 2027 तक मंडलों, राजस्व प्रभागों और जिलों की सीमाओं में बदलाव नहीं किया जा सकता। केंद्र ने कहा है कि इस तरह के पुनर्गठन की व्यवहार्यता जांचने के लिए एक न्यायिक आयोग गठित किया जाएगा। हम इसे न्यायिक आयोग के माध्यम से कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि इस वर्ष इंदिरम्मा साड़ियों का रंग हरे तोते की तरह होगा। पिछले साल इंदिरम्मा साड़ियों का रंग नीला था।

यह भी पढ़ें… केबीआर पार्क के आसपास वन-वे यातायात ट्रायल रन

महिलाएं इस बार तोते जैसी हरी इंदिरम्मा साड़ियों में दिखेंगी

इस बार महिलाएं तोते जैसी हरी साड़ियों में नजर आएंगी। मुख्यमंत्री ने आदिलाबाद के लोगों को आश्वासन दिया कि वे अब हर दो महीने में यहां आएंगे और विकास कार्यों का शिलान्यास या उद्घाटन करेंगे। उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तेलंगाना का शासन जनता द्वारा किया जा रहा है। इसमें सामंती ताकतों का कोई हस्तक्षेप नहीं है।

सरकार का लक्ष्य असमानता मुक्त समाज का निर्माण करना है। सरकार ने अपनी प्रमुख गारंटियों को रिकॉर्ड समय में लागू करने किया है। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू की गई, जिसके तहत अब तक 300 करोड़ से अधिक यात्राएँ पूरी हो चुकी हैं। बेघर लोगों के लिए 22,500 करोड़ के बजट के साथ आवास योजना शुरू की गई है। प्रत्येक घर के लिए 5 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

200 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है तथा किसानों के खातों में 9,000 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई है। भट्टी ने कहा कि यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल स्थापित किये जा रहे हैं। प्रत्येक स्कूल 25 एकड़ में 200 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है, ताकि सभी वर्गों के बच्चे एक साथ पढ़ सकें। स्कूली बच्चों के लिए सुबह के नाश्ते के साथ रागी माल्ट या दूध की व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि कोई भी बच्चा भूखा न रहे। सरकार का लक्ष्य राज्य में एक करोड़ महिलाओं को लखपति/करोड़पति बनाना है। साथ ही बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए विशेष पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री के दौरे में मंत्री कोंडा सुरेखा, जूपल्ली कृष्णा राव, सरकारी सलाहकार सुदर्शन रेड्डी, सांसद वेम नरेंद्र रेड्डी और पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ तथा अन्य नेता उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button