हैदराबाद, साइबराबाद पुलिस की शी टीम ने सप्ताह भर में महिलाओं, युवतियों से छेड़खानी करते हुए 49 मनचलों को रंगे हाथों पकड़ा। महिला एवं बाल सुरक्षा विंग द्वारा बताया गया कि शीटीम द्वारा 12 से 19 जुलाई तक विशेष अभियान चलाते हुए 49 मनचलों को पकड़ा गया। सप्ताह भर में 120 डिकॉय ऑपरेशनों को अंजाम देते हुए 49 लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर अशोभनीय हरकतों में लिप्त पाए जाने पर रंगे हाथों पकड़ा गया। इनमें से 48 मामलों में पिट्टी धाराओं (छोटे मामले) के तहत केस दर्ज किए गए, वहीं सभी आरोपियों की काउंसलिंग भी की गई।
5 काउंसलिंग सत्र महिला एवं बाल सुरक्षा विंग द्वारा आयोजित किए गए
इसके अलावा, महिलाओं की ओर से विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 30 शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई। महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए 64 कार्यक्रम आयोजित किए गए और 5 काउंसलिंग सत्र महिला एवं बाल सुरक्षा विंग द्वारा आयोजित किए गए। इसके अलावा एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने विभिन्न स्थानों पर मानव तस्करी, बाल तस्करी, सोशल मीडिया उत्पीड़न, बाल विवाह, भीख मंगवाना, साइबर धोखाधड़ी आदि विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों में कुल 130 लोगों ने भाग लिया। यूनिट द्वारा हेल्पलाइन नंबर 181 (महिला), 1098 (बाल सहायता), डायल 100 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। उसी तरह, यूनिट द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान-11 के तहत 283 लापता और बेसहारा बच्चों को बचाया गया। इनमें से 273 बच्चों को उनके परिजनों के हवाले किया गया, जबकि 13 बच्चों को शेल्टर होम्स में सुरक्षित रूप से रखा गया। इस दौरान 55 मामले दर्ज किए गए। सप्ताह भर में भारोसा केंद्र द्वारा 31 पारिवारिक विवादों में पति-पत्नी के बीच काउंसलिंग कराई गई और उन्हें फिर से एक साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
