रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ वार्ता
कैनबरा, भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान कई अहम रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स की मौजूदगी में हुए। कैनबरा स्थित संसद भवन में राजनाथ सिंह और रिचर्ड मार्ल्स ने वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग में तेजी से हो रही प्रगति की सराहना की और वार्ता को उपयोगी, दूरदर्शी और रणनीतिक समन्वय को आगे बढ़ाने वाला बताया।
दोनों देशों की सेनाओं को मिलेगी मजबूती
बाद में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी बैठक में शामिल हुए। रिचर्ड मार्ल्स ने भारत के साथ हुए इस नए रक्षा समझौते को दोनों देशों की सेनाओं के बीच संचालनात्मक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक बेहद अहम कदम बताया। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ‘आज का दिन इस मायने में महत्वपूर्ण है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जो गहरा भरोसा और रणनीतिक तालमेल बना है, वह अब हमारी सेनाओं के संचालन स्तर पर भी दिख रहा है। जो समझौता हमने अपने ऑपरेशनल कमांड्स के बीच स्टाफ टॉक्स के लिए किया है, वह बेहद अहम है… हम इसको लेकर बहुत उत्साहित हैं।
रक्षा समझौते पर क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह ने x पर लिखा, ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स के साथ मेरी बेहद उपयोगी बैठक हुई। हमने भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की, जिसमें रक्षा उद्योग, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय चुनौतियों से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। बैठक के दौरान दोनों देशों ने अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को एक बार फिर दोहराया। राजनाथ सिंह ने कहा, मैंने भारत के रक्षा उद्योग की तेज़ी से बढ़ती प्रगति और उच्च गुणवत्ता वाली रक्षा तकनीक के विश्वसनीय स्रोत के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। हमने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा उद्योग साझेदारी को और गहरा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। मैंने सीमा-पार आतंकवाद और क्षेत्रीय स्थिरता पर ऑस्ट्रेलिया के दृढ़ समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। हमने इस बात पर सहमति जताई कि दोनों देश मिलकर एक मुक्त, खुले और सशक्त इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए अपने सहयोग को और मजबूत करेंगे।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





