दिल्ली : बेटी की शादी के लिए रची 10 लाख की फर्जी लूट
नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के केशवपुरम में 54 वर्षीय व्यक्ति को लूट की झूठी कहानी गढ़कर अपनी बेटी की शादी के लिए अपने नियोक्ता के 10 लाख रुपये हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि तिलक मार्ग निवासी गुरदेव सिंह ने दावा किया कि सोमवार को प्रेमबाड़ी पुल की ओर जाने वाले रेलवे ओवर ब्रिज के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उसकी स्कूटी रोकी, हमला किया और 10 लाख रुपये नकद तथा सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी कंपनी की ओर से करोल बाग में एक ग्राहक से पैसे लिए थे और जब वह उन्हें अपने कार्यालय में देने जा रहा था तभी यह कथित वारदात हुई। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) भीष्म सिंह ने कहा कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान सड़क या बाड़ पर कोई फिसलन या टक्कर के निशान नहीं मिले। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसी कोई घटना नजर नहीं आई।
यह भी पढ़े: दिल्ली : आभूषण लूटने के आरोप में तीन गिरफ्तार
कड़ी पूछताछ में सिंह ने कबूल किया कि ऐसी कोई लूट नहीं हुई थी। अधिकारी ने बताया कि उसने यह घटना की साजिश इसलिए रची क्योंकि उस पर अपनी बेटी की शादी के लिए पैसों का इंतजाम करने का दबाव था। पुलिस ने सिंह के घर से पूरी 10 लाख रुपये की नकदी बरामद की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



