दिल्ली : आभूषण लूटने के आरोप में तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली, नयी दिल्ली में भैरों मंदिर के निकट दो व्यक्तियों से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण लूटने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना 24 सिंतबर को हुई थी, जब आभूषण की दुकान पर काम करने वाले शिवम कुमार यादव (28) और राघव (55) स्कूटर पर 500 ग्राम सोने और 35 किलोग्राम चांदी के सामान से भरे दो बैग लेकर चांदनी चौक से भैरों मंदिर की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार रविवार को जैसे ही वे मंदिर के पार्किंग क्षेत्र के पास पहुंचे, मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर उन्हें रोका और पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। घटना की सूचना मिलने पर तिलक मार्ग थाने की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची।

यह भी पढ़े: पाकिस्तान: पुलिस ने किया तीन माह में 89 आतंकवादियों को गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उनके रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में दो लुटेरे और एक अन्य व्यक्ति शामिल है, जिसने उनकी सहायता की थी। अधिकारी ने कहा कि मामले में जांच जारी है। (भाषा)

Exit mobile version