पूर्व नौसेना प्रमुख अरुण प्रकाश से SIR में पहचान की मांग
गोवा: भारत निर्वाचन आयोग ने पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल अरुण प्रकाश को नोटिस जारी कर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत उनकी पहचान स्थापित करने के लिए बैठक में उपस्थित होने को कहा है।
सेवानिवृत्ति के बाद से गोवा में रह रहे एडमिरल प्रकाश ने कहा कि यदि एसआईआर फॉर्म आवश्यक जानकारी “उत्पन्न” नहीं कर रहे हैं तो उनमें संशोधन किया जाना चाहिए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनका नाम 2002 में आखिरी बार अपडेट की गई मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और वह “अनमैप्ड” श्रेणी में आते हैं।
हालांकि, एक्स पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब पूर्व नौसेना प्रमुख का पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) और जीवन प्रमाणपत्र पहले से ही सरकारी डेटाबेस में उपलब्ध है, तो एसआईआर टीम को और क्या चाहिए।
“अधिकांश मामलों में यही हो रहा है। एडमिरल प्रकाश अनमैप्ड श्रेणी में आते हैं,” दक्षिण गोवा के जिला कलेक्टर और रिटर्निंग ऑफिसर एग्ना क्लेटस ने रविवार को पीटीआई से कहा।
चल रहे एसआईआर के दौरान, 1971 के भारत-पाक युद्ध में भूमिका के लिए वीर चक्र से सम्मानित एडमिरल अरुण प्रकाश (सेवानिवृत्त) को ‘हियरिंग नोटिस’ जारी होने के बाद अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित रहने को कहा गया है।
नोटिस के बाद ऑनलाइन चर्चा शुरू होने पर एडमिरल प्रकाश ने रविवार को एक्स पर लिखा, “मुझे न तो किसी विशेष सुविधा की आवश्यकता है और न ही मैंने सेवानिवृत्ति के 20 वर्षों में कभी ऐसा अनुरोध किया है। मेरी पत्नी और मैंने नियमानुसार एसआईआर फॉर्म भरे थे और हमें निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर गोवा ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल 2026 में अपने नाम देखकर खुशी हुई। हालांकि, हम निर्वाचन आयोग के नोटिस का पालन करेंगे।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैं @ECIVEEP का ध्यान दिलाना चाहूंगा कि (a) यदि एसआईआर फॉर्म आवश्यक जानकारी नहीं ले पा रहे हैं तो उन्हें संशोधित किया जाना चाहिए; (b) बीएलओ ने तीन बार हमारे घर का दौरा किया और अतिरिक्त जानकारी मांग सकते थे; (c) हम 82/78 वर्ष के बुजुर्ग दंपती हैं और हमें 18 किलोमीटर दूर दो अलग-अलग तारीखों पर उपस्थित होने को कहा गया है!!”
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल टी एस आनंद (सेवानिवृत्त) ने लिखा, “मुझे लगता है कि सॉफ्टवेयर में खामियों के कारण ऐसा हुआ होगा, लेकिन यदि ऐसा नोटिस आता है तो हर नागरिक, जिसके कागजात सही हैं, जाकर दिखा सकता है, इसमें कोई गलत बात नहीं है। एडमिरल अरुण प्रकाश सर के मामले में उनका पीपीओ/वेटरन कार्ड पर्याप्त प्रमाण है और प्रोटोकॉल के तहत एसआईआर टीम उनके घर जा सकती है।”
एक्स यूजर @LancerFlying, जो खुद को ऑप विजय और ऑप मेघदूत का वेटरन बताते हैं, ने कहा, “उनका, आपका और मेरा पीपीओ और जीवन प्रमाणपत्र पहले से ही सरकारी डेटाबेस में है। एसआईआर टीम को कीबोर्ड पर कुछ कुंजियां दबाकर प्रमाण तक पहुंचने के अलावा और क्या चाहिए? समस्या यह है कि सामान्य समझ की कमी है।” (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



