दिल्ली में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’
नयी दिल्ली, दिल्ली में बुधवार सुबह घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, दृश्यता कम होने से ट्रैफिक बाधित हुआ और मौसम ने आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित की। मौसम विभाग ने कोहरे और खराब वायु गुणवत्ता को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता कम हो गई और वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने सुबह के समय और दोपहर से पहले घने कोहरे को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।
‘येलो अलर्ट’ एक प्रारंभिक चेतावनी होती है, जो यह संकेत देती है कि खराब मौसम की स्थिति बन सकती है जिसकी वजह से दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। केंद्रवार आंकड़ों के मुताबिक, पालम में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 8.3 डिग्री, रिज में 9.2 डिग्री और आया नगर में 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 319 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



