युवा शक्ति से बनेगा विकसित भारत- मोदी

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश के नौजवानों के साथ उनका परम मित्र वाला नाता है और साथ ही विश्वास जताया कि युवा शक्ति का सामर्थ्य ही भारत को जल्द से जल्द विकसित राष्ट्र बनाएगा।
विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोगों को भारत का लक्ष्य मुश्किल लग सकता है, लेकिन यह असंभव नहीं है। उन्होंने कहा, बड़े सपने देखना, एक मजबूत प्रतिबद्धता बनाना और एक निर्धारित समयसीमा के भीतर उन सपनों को प्राप्त करना पूरी तरह से संभव है।
उन्होंने कहा, किसी भी देश की प्रगति के लिए, उसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। एक लक्ष्य के बिना जीवन अकल्पनीय है, लक्ष्य हमें उद्देश्य और प्रेरणा प्रदान करते हैं। जब हम महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करते हैं, तो हम उन्हें पूरा करने के लिए अथक प्रयास करते हैं। आज भारत इसी भावना को मूर्त रूप दे रहा है। मोदी ने कहा कि विकसित भारत यानी जो आर्थिक, सामरिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त होगा, जहाँ अर्थव्यवस्था भी बुलंद होगी और पारिस्थितिकी भी समृद्ध होगी। उन्होंने कहा, जहाँ अच्छी कमाई और पढ़ाई के ज्यादा से ज्यादा अवसर होंगे। जहाँ दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी कौशल से लैस होगी। (भाषा)