महाराष्ट्र में देवेंद्र ने ली शपथ, शिंदे और अजित पवार उप-मुख्यमंत्री बने

मुंबई, देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में एक भव्य समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गबंधन के नेताओं एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा नीत महायुति के हजारों समर्थक शामिल हुए। यह कार्यक्रम 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो सप्ताह बाद आजाद मैदान में आयोजित किया गया।

किसी अन्य मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। सूत्रों ने बताया कि मंत्रिपरिषद का विस्तार अगले सप्ताह नागपुर में राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जे.पी. नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गबंधन (राजग) शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में आए, जिनमें योगी आदित्यनाथ, नीतीश कुमार, हिमंत विश्व शर्मा, मोहन यादव और प्रमोद सावंत शामिल थे। समारोह में अभिनेता शाहरुख खान और मुकेश अंबानी सहित बॉलीवुड और भारतीय उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियाँ भी उपस्थित थीं। नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित फडणवीस (54) को राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने शिंदे (60) और पवार (65) को भी पद की शपथ दिलाई।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा के 132 सीट जीतने के साथ ही फडणवीस मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार बनकर उभरे थे। महायुति के घटक दलों-भाजपा, शिवसेना और राकांपा के पास विधानसभा में कुल मिलाकर 230 सीट हैं। फडणवीस को सर्वसम्मति से राज्य भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद महायुति के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button