डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने पंचायत चुनाव को लेकर की समीक्षा बैठक
हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने कामारेड्डी ज़िले के दौरे के समय 6 ज़िला पुलिस अधीक्षकों व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ पंचायतराज चुनाव की समीक्षा की। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी कामारेड्डी पहुँचे, जहाँ उन्होंने कामारेड्डी और निजामाबाद ज़िले के पुलिस अधीक्षकों के साथ ग्राम पंचायत चुनाव की समीक्षा की।
इस बैठक में निजामाबाद ज़िला पुलिस अधीक्षक एम. राजेशचंद्रा, निजामाबाद पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्या उपस्थित थे। उन्होंने पंचायतराज चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पॉवर प्वाइंट प्रंजेटेशन के जरिए दर्शाया। बैठक में समस्याग्रस्त मतदान केंद्रों के पास मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने और मतदान से पूर्व असामाजिक तत्वों को शपथबद्ध करने तथा गाँव की सीमा पर चेकपोस्ट लगाने के पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चुनाव बंदोबस्त को लेकर पारदर्शिता बरतने और जब्ती संबंधी विवरण का पूर्ण रूप से खुलासा करने की आवश्यकता जताई।
पुलिस महानिदेशक ने इन दोनों ज़िलों के अलावा कामारेड्डी, आदिलाबाद, निर्मल, कोमरमभीम आसिफाबाद और मंचीरियाल ज़िलों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह है कि वे चुनाव को लेकर ऐसा माहौल बनाए, जहाँ लोग बिना किसी लालच और डर के निर्भय होकर मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों की जानकारी ली और वहाँ बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी पूछताछ की।
यह भी पढ़ें… करीमनगर जिले के हुस्नाबाद में 262.78 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास
निर्मल में नए पुलिस भवन का उद्घाटन और कैम्प ऑफिस भूमि पूजन
पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने, विशेषकर सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाले मैसेज, झूठा प्रचार तथा चुनाव प्रक्रिया पर असर डालने वाली पोस्टिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव उपरांत किसी को भी रैली निकालने की अनुमति न दी जाए, क्योंकि जीत की रैलियों की वजह से विवाद उत्पन्न हो सकते हैं।
पुलिस महानिदेशक ने कामारेड्डी से निकलकर निर्मल ज़िले का दौरा किया और वहाँ के येल्लापल्ली में पुलिस अधिकारियों और स्टाफ के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त निर्मित नए भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने ज़िलाधीश कार्यालय के नए कैम्प ऑफिस हेतु भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने ज़िला पुलिस अधीक्षक डॉ. जानकी शर्मिला, मल्टीजोन-1 के पुलिस महानिरीक्षक एस. चंद्रशेखर रेड्डी, ज़िलाधीश डॉ. अभिलाष अभिनव के साथ पंचायत चुनाव की समीक्षा की।
गुरुवार की रात पुलिस महानिदेशक ने आदिलाबाद ज़िला पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ चार ज़िलों में पंचायतराज चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के नियम के अनुसार बिना किसी भेदभाव और आरोप के मतदान संपन्न करवाए जाने चाहिए। उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करवाने के लिए कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए। इस बैठक में आदिलाबाद पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन, निर्मल पुलिस अधीक्षक जी. जानकी शर्मिला, आसिफाबाद पुलिस अधीक्षक नितिका पंत और मंचीरियाल पुलिस उपायुक्त ए. भास्कर शामिल थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



