धोनी ने तोड़ा चेन्नई की हार का सिलसिला

लखनऊ, अपने पुराने फिनिशर वाले रूप की झलक दिखाने वाले महेंद्र सिंह धोनी और शिवम दुबे ने लगातार पाँच मैचों की हार का सिलसिला तोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल के मैच में सोमवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स पर पाँच विकेट से जीत दिलाई।

जीत के लिए 167 रन के लक्ष्य के जवाब में धोनी ने 11 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 26 और दुबे ने 37 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ नाबाद 43 रन बनाए। चेन्नई ने तीन गेंदें और पाँच विकेट बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले फॉर्म में लौटे कप्तान ऋषभ पंत के इस सत्र के पहले अर्धशतक के दम पर लखनऊ ने सात विकेट पर 166 रन बनाए।

धोनी-दुबे की जोड़ी ने चेन्नई को दिलाई जीत

चेन्नई को शेख रशीद (19 गेंदों में 27) और रचिन रविंद्र (22 गेंदों में 37) ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 29 गेंदों में 52 रन जोड़े। दोनों ने शार्दुल ठाकुर और आकाश दीप को खासी नसीहत दी, जिससे पंत को चौथे ओवर में दिग्वेश राठी को गेंद सौंपनी पड़ी। रशीद की पहली आईपीएल पारी का अंत आवेश खान ने किया। लगातार दो विकेट गँवाने से चेन्नई की लय टूट गई। एडेन मार्करम ने रविंद्र को पगबाधा आउट किया, जबकि अगले ओवर में रवि बिश्नोई ने राहुल त्रिपाठी का रिटर्न कैच लपका।

बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रविंद्र जडेजा को भी लाँग ऑन में मार्करम के हाथों लपकवाया। चेन्नई को आखिरी पाँच ओवर में 56 रन की जरूरत थी। धोनी ने आते ही आवेश खान को दो चौके लगाए और चार ओवर में अब चेन्नई को 44 रन चाहिए थे। उन्होंने शार्दुल को एक हाथ से छक्का लगाकर पुराने दिन याद दिला दिए। उन्होंने और दुबे ने कोई जोखिम लिए बिना टीम को जीत तक पहुँचाया। इससे पहले लखनऊ के लिए पंत ने 49 गेंदों में 63 रन बनाए। उन्हें शुरुआत में दिक्कत हुई, लेकिन धीरे-धीरे लय हासिल कर ली और अब्दुल समद (20) के साथ पाँचवें विकेट के लिए 33 गेंदों में 53 रन बनाए।

यह भी पढ़ें… आईपीएल में मुंबई ने दिल्ली को 12 रन से हराया

धोनी की फुर्ती और जडेजा की चालाकी से चेन्नई को मिली जीत की राह

लगातार पाँच पराजय का सामना करके आई चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने पहले ही ओवर में मार्करम को आउट किया, जिनका बेहतरीन कैच पीछे की ओर दौड़ते हुए त्रिपाठी ने लपका। दो ओवर बाद अंशुल कम्बोज ने शानदार फॉर्म में चल रहे निकोलस पूरन को पगबाधा आउट किया। निजी कारणों से पिछले मैच से बाहर रहने के बाद मिचेल मार्श ने खलील को लगातार दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाया।

वहीं अब तक टूर्नामेंट में जूझते नजर आए पंत ने कुछ अपारंपरिक, लेकिन आत्मविश्वास से भरे शॉट्स खेले। इनमें जैमी ओवरटन की गेंद पर रिवर्स स्कूप पर जड़ा छक्का शामिल है। अनुभवी जडेजा ने पहले ओवर में दस रन दिए, लेकिन दूसरे ओवर में शानदार वापसी करके मार्श का विकेट लिया। युवा आयुष बड़ोनी (17 गेंदों में 22 रन) ने ओवरटन को लगातार दो छक्के लगाकर लखनऊ को 12 ओवर के बाद तीन विकेट पर 95 रन तक पहुँचाया।

पंत ने मथीषा पथिराना को चौका लगाया। बडोनी को दो जीवनदान भी मिले, जब पहली बार वह नोबॉल पर लपके गए और फिर जडेजा की गेंद पर पगबाधा होने से बचे। वह आखिरकार जडेजा का ही शिकार हुए और धोनी ने चुस्त स्टम्पिंग करके उन्हें रवाना किया। चेन्नई के स्पिनर नूर अहमद ने बीच के ओवरों में चार ओवर में सिर्फ 13 रन दिए। पथिराना 18वें ओवर में लौटे, तो पंत ने उन्हें दो छक्के लगाए। पंत और समद जमकर खेल रहे थे, जब धोनी ने दोनों को रवाना करने में अहम भूमिका निभाई। पहले उन्होंने दूसरे छोर से सटीक थ्रो मारकर समद को रन आउट किया। इसके बाद अगली गेंद पर पंत का ऊँचा कैच लपका।

स्कोर बोर्ड

लखनऊ सुपर जाइंट्स : एडेन मार्करम का. त्रिपाठी बो. अहमद 06, मिचेल मार्श बो. जडेजा 30, निकोलस पूरन पगबाधा बो. कम्बोज 08, ऋषभ पंत का. धोनी बो. पथिराना 63, आयुष बडोनी स्ट. धोनी बो. जडेजा 22, अब्दुल समद रन आउट 20, डेविड मिलर नाबाद 00, शार्दुल ठाकुर का. रशीद बो. पथिराना 06, अतिरिक्त : 11, कुल : 20 ओवर में सात विकेट पर 166 रन। विकेट पतन : 1-6, 2-23, 3-73, 4-105, 5-158, 6-158, 7-166, गेंदबाजी : खलील 4-0-38-1, कम्बोज 3-0-20-1, ओवरटन 2-0-24-0, जडेजा 3-0-24-2, नूर 4-0-13-0, पथिराना 4-0-45-2.

चेन्नई सुपर किंग्स : शेख रशीद का. पूरन बो. आवेश 27, रचिन रविंद्र पगबाधा बो. मार्करम 37, राहुल त्रिपाठी का. और बो. बिश्नोई 09, रविंद्र जडेजा का. मार्करम बो. बिश्नोई 07, शिवम दुबे नाबाद 43, विजय शंकर का. आवेश बो. राठी 09, एमएस धोनी नाबाद 26, अतिरिक्त : 10, कुल : 19.3 ओवर में पाँच विकेट पर 168 रन। विकेट पतन : 1-52, 2-74, 3-76, 4-96, 5-111, गेंदबाजी : शार्दुल 4-0-56-0, आकाशदीप 1-0-13-0, राठी 4-0-23-1, आवेश 3.3-0-32-1, बिश्नोई 3-0-18-2, मार्करम 4-0-25-1.(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button