रामनवमी शोभायात्रा के लिए की गई चर्चा

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त सी.वी. आनंद ने श्रीराम नवमी के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभा यात्रा के मार्ग का जायजा लेने के बाद आयोजकों के साथ बैठक कर समीक्षा की। गौरतलब है कि आगामी रविवार, 6 अप्रैल को श्रीराम नवमी के अवसर पर सीतारामबाग से शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसका आयोजन श्रीराम नवमी उत्सव समिति द्वारा किया जाता है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस आयुक्त सी.वी. आनंद ने सीतारामबाग से हनुमान व्यायामशाला तक खुली जीप में सवार होकर शोभायात्रा मार्ग का जायजा लिया और आयोजकों से बातचीत की। जायजा लेने के बाद सीतारामबाग में श्रीराम नवमी उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 से श्रीराम नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है, जो देशभर में विख्यात है।

पुलिस आयुक्त ने शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आयोजकों और आम जनता से पुलिस के साथ समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने आयोजकों से 1 बजे से पहले यात्रा प्रारंभ करने पर जोर दिया। उन्होंने पूर्व अनुभव के आधार पर आयोजकों से मुख्य शोभायात्रा से पहले इसका ट्रायल रन अमल में लाने पर जोर दिया, क्योंकि शोभायात्रा के मार्ग में पड़ने वाली सड़कें काफी संकरी और तंग है। इसके अलावा इस मार्ग पर यातायात की भी समस्या है।

इसे ध्यान में रखते हुए ट्रायल रन को अमल में लाकर कुछ आवश्यक सुधार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्रोन का उपयोग करने से पहले इस संबंध में अनुमति लेना आवश्यक है। अन्यथा समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने शोभायात्रा में डीजे का उपयोग न करने की सलाह दी। क्योंकि कई लोग हृदय रोग के शिकार होते है और तेज आवाज के कारण उन्हें समस्या हो सकती है।इसके अलावा आम जनता को भी ध्वनि प्रदूषण से प्रभावित होना पड़ सकता है।

धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली बयानबाजी न करने की अपील

पुलिस आयुक्त ने शोभायात्रा के दौरान किसी भी रूप में धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली बयानबाजी न करने और गीत-संगीत न बजाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बंजारा हिल्स स्थित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर में एक संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित कर शोभायात्रा पर नजर रखी जाएगी और शोभायात्रा के दौरान सेवा सुविधाओं को भी सुचारू रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा वाले मार्ग पर सीसी टीवी कैमरे स्थापित कर कड़ी नज़र रखी जाएगी।

सी.वी. आनंद ने कहा इसके अलावा 20 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात कर शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। इन पुलिसकर्मियों में सीसीएस, शी टीम्स और सशस्त्र पुलिस बल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि व्हॉट्सऐप ग्रुप के जरिए अधिकारी एक-दूसरे से संपर्क में रहेंगे और एक-दूसरे को शोभायात्रा की स्थिति के बारे में जानकारी साझा करेंगे।

यह भी पढ़ें… श्रीराम नवमी को लेकर विधायक राजा सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक

अवसर पर जीएचएमसी के अतिरिक्त आयुक्त रघु प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि शोभायात्रा के दौरान आने वाले भक्तों के लिए पेयजलापूर्ति व अन्य मूलभूत सेवा सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएगी और यात्रा वाले मार्ग पर सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट आदि की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शोभायात्रा में आने वाले भक्तों को कोई असुविधा नहीं होगी।

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विक्रम सिंह मानस, संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) जोयल डेविस, दक्षिण-पश्चिम जोन पुलिस उपायुक्त जी. चंद्रमोहन, पूर्वी जोन पुलिस उपायुक्त बी. बाला स्वामी, भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति के सचिव डॉ. भगवंत राव, महासचिव कृष्णा, आनंद सिंह, ज़िला अग्निशमन अधिकारी वेंकन्ना, जलापूर्ति बोर्ड के अधिकारी अमरेन्दर रेड्डी, स्पेशल ब्रांच के पुलिस उपायुक्त चैतन्य कुमार, दक्षिण जोन पुलिस उपायुक्त स्नेहा मेहरा आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button