ईडी की कोलकाता रियल एस्टेट कंपनी पर बड़ी छापेमारी
कोलकाता/नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता स्थित रियल एस्टेट कंपनी मर्लिन ग्रुप और उसके प्रवर्तकों के परिसरों में बुधवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई धनशोधन जांच के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत समूह एवं उसके प्रवर्तकों सुशील मोहता और साकेत मोहता से जुड़े लगभग सात परिसरों में छापेमारी की गई। कंपनी की ओर से छापेमारी के संबंध में प्रतिक्रिया का इंतजार है। प्रवर्तक और कंपनी संघीय जांच एजेंसी की निगरानी में हैं और उन पर ‘‘जाली’’ दस्तावेजों का इस्तेमाल करके ‘‘झूठा’’ स्वामित्व रिकॉर्ड बनाने का आरोप है, जिसके कारण भूमि हड़पने के आरोप लगे हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। ईडी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कथित तौर पर हथियाई गई जमीन का व्यावसायिक रूप से ‘‘इस्तेमाल’’ करते हुए ‘‘बड़े पैमाने पर’’ रियल एस्टेट परियोजनाएं शुरू कीं। एजेंसी के अनुसार आरोपियों ने ‘‘जाली’’ दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए खुद को वैध मालिक बताकर जनता को अपनी रियल एस्टेट परियोजनाओं में बड़ी रकम निवेश करने के लिए फुसलाया। (भाषा)
यह भी पढे़: ईडी : आपराधिक गिरोह के खिलाफ कोलकाता में छापे मारे
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



