ईटेला राजेन्दर ने रखी आरयूबी के अतिरिक्त मार्ग की आधारशिला
हैदराबाद, मलकाजगिरी के सांसद ईटेला राजेंदर ने मच्छा बोलारम में अलवाल व बोलारम बाज़ार रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रोड अंडर ब्रिज पर अतिरिक्त मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ईटेला राजेंदर ने कहा कि महानगर की जनता को सर्वोत्तम रेल अवसंरचना सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सभी संबंधित हितधारकों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों व समन्वय के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना आरटीसी मेदाराम जतरा के लिए 3,495 स्पेशल बसें चलाएगा
छह माह में निर्माण पूरा करने का रेलवे का लक्ष्य
आरयूबी संख्या 739 पर अतिरिक्त मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को अत्यंत लाभ होगा व सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और दक्षिण मध्य रेलवे की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।
मलकाजगिरी के विधायक मर्रि राजशेखर रेड्डी ने कहा कि अतिरिक्त मार्ग का निर्माण कार्य आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। रेलवे ने इस परियोजना को अगले छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह कार्य उपलब्ध भूमि में ही किया जाएगा। इससे आसपास के मकानों या संपत्तियों को कोई असुविधा नहीं होगी। उन्होंने बताया कि वाजपेयी नगर में भी रोड अंडर ब्रिज के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व मंडलीय रेल प्रबंधक संतोष कुमार वर्मा ने परियोजना का विवरण देते हुए बताया कि अतिरिक्त मार्ग के निर्माण के लिए 7.7 करोड़ की लागत स्वीकृति की गई है। इस परियोजना से यातायात की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी। अवसर पर हैदराबाद मंडलीय रेल प्रबंधक संतोष कुमार वर्मा, दमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ए. श्रीधर, उप महाप्रबंधक उदय कोटला, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक डॉ. अनिरुद्ध परमार व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



