कांग्रेस सरकार के अन्याय का प्रमाण : एन. रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि मेड़चल-मलकाजगिरी जिले के मेडिपल्ली में बी.सी. समुदाय से संबंधित युवक श्रीसाई ईश्वराचारी द्वारा किए गए आत्मदाह में जान गंवाने की घटना पिछड़ा वर्ग के साथ कांग्रेस सरकार के अन्याय का बड़ा प्रमाण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने ईश्वराचारी की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने की भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि तेलंगाना में सामाजिक न्याय पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस घटना की निंदा करती है और घटना की जिम्मेदार मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार को ही मानती है।
यह भी पढ़ें… ज़रूरतमंद बच्चों को पढ़ाने वाली सफाई कर्मी को महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने दी शाबाशी
कांग्रेस पर 42% बीसी आरक्षण वादा पूरा न करने का आरोप
रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा वादे के अनुसार पिछड़ा वर्ग (बी.सी) के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण के अधिकारों को लागू नहीं करने और सरकार द्वारा दिखाई गई उपेक्षा-भेदभाव से निराश और व्यथित होकर साई ईश्वरा चारी ने आत्महत्या का प्रयास किया और जान दे दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पिछड़ा वर्ग को फीस रीअंबर्समेंट की राशि का बकाया तक अदा नहीं कर रही है। न ही बीसी कॉर्पोरेशन को निधियां दी जा रही हैं।
रामचंदर राव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सरकार की तरह ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार बीसी वर्ग के साथ घोर अन्याय कर रही है जिससे पिछड़ा वर्ग निराश है। उन्होंने कहा कि सरकार के उदासीन रवैये ने युवक साई की जान ले ली। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुःख नहीं है यह पिछड़ा वर्ग के साथ कांग्रेस सरकार की व्यवहार शैली का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के द्वारा बीसी वर्ग के अधिकार छीनने व सत्ता में आने के बाद 2 सालों में किया गया एक भी वादा पूरा नहीं करके धोखा देने के कारण उपजी समस्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा बी. सी. वर्ग के अधिकारों व सामाजिक न्याय के लिए लड़ाई जारी रखेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





