अंबेडकर का अपमान करने वाली पार्टी है कांग्रेस : अनुराग ठाकुर

हैदराबाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कदम-कदम पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बी. आर. अंबेडकर का अपमान करने वाली कांग्रेस एससी, एसटी विरोधी ही नहीं, बल्कि अंबेडकर से घृणा करने वाली पार्टी है।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शतजयंती उत्सव के अंतर्गत आयोजित सुशासन सभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू व इंदिरा गांधी ने खुद भारत रत्न ले लिया, लेकिन कभी अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया। भाजपा के समर्थन से पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह सरकार ने अंबेडकर को भारत रत्न दिया था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव का नाम लेते हुए कहा कि अटल बिहारी ही एक ऐसे नेता थे, जिनके पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. के साथ भी अच्छे संबंध रहे। दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते थे, लेकिन पी.वी. की पार्टी कांग्रेस ने खुद नरसिम्हा राव के साथ क्या किया, सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का कद कितना ऊँचा था, इससे ही पहचाना जा सकता है कि पंडित नेहरू ने संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी को भेजा था। उन्होंने वर्ष 1997 में अमेरीका दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह (ठाकुर) अमेरिका गये थे, तब एक अंग्रेज अखबार में भारत को सपेरों व भिखारियों का देश बताते हुए लेख लिखा गया था, तब दुःख हुआ था। देश में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनने के बाद किसी को कानोकान खबर भी नहीं हुई और पोकरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश के रूप में खड़ा कर दिया गया। उस समय विदेश के अखबार में भारत को परणाणु शक्ति सम्पन्न देश लिखा गया। उन्होंने कहा कि वाजपेयीजी ने जो आईटी पॉलिसी लाई थी, उसे संयुक्त आंध्र प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू ने आगे बढ़ाया था।

यदि अटल बिहारी वाजपेयी आईटी पॉलिसी नहीं लाते, तो हैदराबाद में मोबाइल व इंटरनेट जैसी टेलीकॉम क्रांति कैसे आती। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में 14वीं लोकसभा के दौरान कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतीशील गठबंधन (संप्रग) के शासन में कैश फॉर वोट स्कैम हुआ था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नैतिक मूल्यों व सिद्धांतों से समझौता न करते हुए सरकारबचाने के लिए एक वोट खरीदने से मना कर दिया और त्याग पत्र दिया।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक व्यक्ति नहीं, संस्था थे। प्रधानमंत्री के रूप में भारत रत्न वाजपेयी ने 24 राजनीतिक दलों को साथ लेकर समन्वय के साथ सरकार चलाई। भाजपा वर्ष 1998 से आज तक गठबंधन धर्म निभाती आ रही है। वर्तमान समय देश के 16 राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि वाजपेयीजी के सपनों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। जिस सुशासन व विकास के लिए भाजपा जानी जाती है, उसे आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना में वन रैंक वन पेंशन अमल करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर देख रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व का नेता मान रही है। इसी से प्रेरणा लेकर भाजपाई संगठन को मजबूत बनाते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का सपना साकार करें।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button