गच्चीबौली में महिला सॉफ्टवेयर कर्मी के साथ बलात्कार
हैदराबाद, साइबराबाद के सबसे पॉश इलाके गच्चीबौली में महिला सॉफ्टवेयर कर्मी के साथ चाकू की नोक पर कथित तौर पर बलात्कार की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज से संबंधित ऑटो को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज अलस सुबह करीब 2.30 बजे पीड़िता घर जाने के लिए आर.पी. पुरम के पास ऑटो रिक्शा में सवार हुई। ऑटो के कुछ ही दूरी मस्जिद बंडा तक जाते ही एक युवक जबरन उसमें सवार हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर चाकू की नोक पर ऑटो में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वे पीड़िता को उसी लोकेशन पर छोड़कर फरार हो गये। कुछ देर बाद पीड़िता ने स्वयं को संभालते हुए घटना के बारे में दोस्तों को जानकारी दी और शिकायत पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजकर आगे की छानबीन आरंभ की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऑटो की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले को सुलझाने के लिए स्पेशल ऑपरेशन टीमों को भी मैदान में उतारा गया।