फिडे विश्व कप : एरिगेसी ने वेई यी के खिलाफ फिर ड्रॉ खेला, टाईब्रेकर में होगा फैसला
पणजी, विश्व शतरंज कप के मुकाबले मंगलवार को बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचे, जहां ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने चीन के वेई यी के खिलाफ अपनी दूसरी बाजी ड्रॉ खेली। इस परिणाम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश को लेकर टाईब्रेकर की संभावना को जन्म दिया। इसके अलावा, अन्य मुकाबलों में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव ने एलेक्जेंडर डोनचेंको को हराया और कई अन्य मैचों का फैसला भी अब टाईब्रेकर पर निर्भर करेगा।
ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने मंगलवार को यहां विश्व शतरंज कप में चीन के वेई यी के खिलाफ दूसरी बाजी भी ड्रॉ खेली जिससे क्वार्टर फाइनल मुकाबले का फैसला टाईब्रेकर में होगा। पहली बाजी में आसान ड्रॉ खेलने के बाद एरिगेसी को वेई यी ने दूसरी बाजी में काले मोहरो से खेलते हुए परेशान किया। हालांकि एरिगेसी की 32वीं चाल के बाद दोनों खिलाड़ी बाजी को ड्रॉ कराने को राजी हो गए।
विश्व कप में एलेक्जेंडर डोनचेंको के स्वप्निल अभियान पर विराम लग गया जब उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव ने दूसरी बाजी ड्रॉ खेलकर मुकाबला 1.5-0.5 से जीत लिया। नोदिरब्रेक ने पहली बाजी जीती थी। उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव और मैक्सिको के जोस एडवर्डो मार्टिनेज अल्केंटरा तथा अमेरिका के सैम शेंकलेंड और रूस के आंद्रे एसिपेंको के बीच भी दूसरी बाजियां ड्रॉ रहीं जिससे इन मुकाबलों का फैसला भी टाईब्रेकर में होगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



