एफआईएच महिला हॉकी विश्वकप क्वालीफायर 8 मार्च से
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर टूर्नामेंट आगामी 8 से 14 मार्च तक गच्ची बावली स्थित जीएमसी बालयोगी हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 8 विभिन्न देशों की टीमें भाग लेंगी, जिसमें इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, साउथ कोरिया, इटली, उरुग्वे, व्हेल्स, ऑस्टिरिया एवं मेजबान भारत शामिल है। इस टूर्नामेंट में कुल 300 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं डेलिगेट्स भाग लेंगे।

यह टूर्नामेंट विश्व की सभी महिला हॉकी टीमों के लिए आखरी क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट है। 9 टीमें बेहतर रैंकिंग के कारण विश्वकप के लिए क्वालीफाई हुई हैं। हैदराबाद चरण के टूर्नामेंट में तीन टीमें विश्वकप के लिए क्वालीफाई होंगी। विश्व कप के लिए दूसरे चरण का क्वालीफायर टूर्नामेंट चिली में फरवरी 28 से मार्च 1 तक आयोजित होगा। महिला विश्वकप आगामी 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम तथा निदरलैंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 16 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने किया।
यह भी पढ़ें… प्रिटोरिया कैपिटल्स ने एमआई केपटाउन को 53 रन से हराया
इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष डाकूतयाब इकराम के साथ हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिग्गज हॉकी खिलाड़ी दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर, डायरेक्टर जनरल हॉकी इंडिया आर.के. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से भेंट कर उन्हें विस्तृत जानकारी दी। अवसर पर तेलंगाना के खेल मंत्री वाकिटी श्रीहरी, खेल सलाहकार जितेन्दर रेड्डी, डॉ. सोनी बालादेवी, तेलंगाना हॉकी संघ के अध्यक्ष के. विजय कुमार, महासचिव सी.आर. भीम सिंह एवं अन्य उपस्थित थे। (सी. सुधाकर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



