पाँच लोगों ने की खुदकुशी
हैदराबाद, नगर एवं सीमांत क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में विभिन्न कारणों के चलते जीवन से निराश होकर पाँच लोगों ने खुदकुशी कर ली। नगर के सीमांत क्षेत्र माहेश्वरम थाना परिधि में आर्थिक तंगी के कारण किसान ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि गट्टूपल्ली ग्राम निवासी रामय्या का पुत्र बी. रवि (42) फसल ठीक से न होने के कारण आर्थिक तंगी का शिकार हो गया था। इस कारण निराश होकर उसने गत 20 अगस्त को सुबह के समय कीटनाशक पी लिया था।
उसे ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ उपचार के दौरान कल उसकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में सरूरनगर पुलिस ने बताया कि अस्वस्थता के चलते एक व्यक्ति ने फाँसी लगा ली। भगत सिंह नगर, सरूरनगर निवासी गायकवाड़ चैनसुखराज (55) लम्बे समय से मुँह के कैंसर से पीड़ित था। उसका उपचार जारी था, लेकिन कैंसर से राहत न मिलने के कारण निराश चैनसुखराज ने कल फाँसी लगा ली।
तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने की आत्महत्या
एक अन्य घटना में पुराने शहर की रैन बाजार पुलिस ने बताया कि मदीना नगर, याकूतपुरा निवासी शेख अहमद के पुत्र शेख अकरम (24) ने कल फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के ठोस कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। एक अन्य घटना में नागोल थाना परिधि में अस्वस्थता के कारण महिला ने फाँसी लगा ली। वाईएसआर कॉलोनी, तट्टीअन्नारम निवासी एल. भिक्षपति की निवासी एल. मंजुला (38) जीएचएमसी में कार्यरत थी।
पिछले कुछ माह से वह थाइराइड के अलावा अन्य कुछ रोग का शिकार हो गई थी। इस कारण वह पिछले दो माह से ड्यूटी पर भी नहीं जा रही थी। कल सुबह बच्चों के स्कूल जाने और पति के ड्यूटी पर जाने के बाद घर पर अकेली मंजुला ने सीलिंग फैन से चुनरी के सहारे फाँसी लगा ली। एक अन्य घटना में जगतगिरीगुट्टा थाना परिधि में शराब की लत और घरेलू कलह के चलते निजी विद्युतकर्मी ने खुदकुशी कर ली।
शराब की लत और घरेलू कलह के चलते युवक ने की खुदकुशी
एनटीआर नगर, मकदूम नगर, जगतगिरीगुट्टा निवासी टी. श्रीनिवास (56) निजी विद्युतकर्मी के रूप में कार्यरत था और उसे शराब पीने की लत थी। शराब के नशे में वह अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ झगड़ा करता था। उसका बड़ा लड़का पवन विवाह के बाद अलग घर लेकर रह रहा था। श्रीनिवास अपने छोटे बेटे के साथ रह रहा था।
यह भी पढ़े: एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट मामला : 10 दिनों के भीतर मां, दो बेटों की मौत
लक्ष्मी के आँखों का ऑपरेशन होने के कारण वह अपने बड़े लड़के के घर सिकंदराबाद में रह रही थी। आज सुबह छोटे लड़के के काम पर जाने के बाद श्रीनिवास ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से रस्सी के सहारे फाँसी लगा ली। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





