पटनचेरू में होटलों पर खाद्य सुरक्षा टास्कफोर्स के छापे
हैदराबाद, खाद्य सुरक्षा टास्कफोर्स टीम ने पटनचेरू क्षेत्र में होटल एवं रेस्टोरेंट सहित तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खराब व्यवस्था के लिए चेतावनी देते हुए स्वास्थ्य एवं सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिये। खाद्य सुरक्षा टास्कफोर्स टीम ने ओआरआर के निकट मुथंगी में स्थित इस्तारा बाबाई होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि वहाँ एफएसएसएआई लाइसेंस की प्रति प्रमुखता के साथ प्रदर्शित नहीं की गई। दूध के पैकेट उपयोगिता तिथि समाप्त होने के बावजूद रखे हुए हैं। मसालों की एक्सपायरी डेट होने के बाद भी उनका उपयोग किया जा रहा था। कुछ सब्जियाँ सड़ी और खराब पाई गईं। खाद्य रंगों का उपयोग किया जा रहा था। खाद्य संचालकों के लिए मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड और एफओएसटीएसी प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं था। रसोई में सफाई का अभाव था और रेफ्रिजरेटर में रखी खाद्य सामग्री लेबल नहीं की गई थी। कीट प्रबंधन का भी अभाव पाया गया।
टीम ने पैलेस-2 होटल पर भी छापा मारा। प्रतिष्ठान के पास संचालन का लाइसेंस नहीं है। जल विश्लेषण रिपोर्ट उपलब्ध नहीं है। कीट प्रबंधन का अभाव है। सिंथेटिक खाद्य रंगों उपयोग किए जा रहा है। रेफ्रिजरेटर में लेबल रख-रखाव नहीं किया गया है। शाकाहारी और माँसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही रेफ्रिजरेटर में संग्रहित किए जा रहे हैं हैं। सफाई का भी अभाव पाया गया।
गुलशन होटल में छापे के दौरान पाया गया कि यहाँ लाइसेंस के बिना व्यवसाय संचालित किया जा रहा है। खाद्य संचालकों के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं हैं। रसोई में गंदगी पायी गयी। भोजन में सिंथेटिक रंगों का उपयोग किया जा रहा है। सफाई का अभाव है। अधिकारियों ने कार्रवाई नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिये।