आईजीपीएल 2026 के आकर्षण का केंद्र होंगे गगनजीत भुल्लर

चंडीगढ़, मौजूदा चैंपियन गगनजीत भुल्लर 11 से 13 मार्च तक यहां होने वाले इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) के पहले चरण में आकर्षण का केंद्र होंगे जिसमें कई अन्य शीर्ष खिलाड़ी भी भाग लेंगे। भुल्लर ने 2025 में आईजीपीएल में खिताब जीता था और इस बार उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाह टिकी रहेगी।

एशियाई टूर में 11 जीत के साथ भारत के सबसे सफल खिलाड़ी रहे भुल्लर के अलावा इस प्रतियोगिता में पुखराज सिंह गिल भी भाग लेंगे, जिन्होंने 2025 में आईजीपीएल ऑर्डर ऑफ मेरिट जीता था। इनके अलावा एशियाई टूर के स्टार करणदीप कोचर और अमन राज भी अपनी चुनौती पेश करेंगे।

यह भी पढ़े : भारत और गोरान्सन इंडियन वेल्स मास्टर्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

इस प्रतियोगिता में 2025 में मुकाबला इतना करीबी था कि शीर्ष तीन खिलाड़ियों पुखराज (81,90,652 रुपये), अमन राज (81,81,708 रुपये) और भुल्लर (81,30,000 रुपये) के बीच केवल 60,000 रुपये से कुछ अधिक का अंतर था। इस प्रतियोगिता में कुल 58 खिलाड़ी भाग लेंगे जिनमें नौ एमेच्योर खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसमें कोई कट नहीं होगा। एमेच्योर खिलाड़ियों में जीव मिल्खा सिंह के पुत्र हरजाई मिल्खा सिंह भी शामिल हैं। (भाषा)

Exit mobile version