हैदराबाद, तेलंगाना के जगतियाल में विश्वश्री यूथ एसोसिएशन इस साल शानदार संदेश के साथ गणेश चतुर्थी मना रहा हैI रचनात्मकता के लिए मशहूर एसोसिएशन ने मां के गर्भ में भ्रूण के विकास को थीम बनाया हैI इस झांकी में भगवान गणपति को मां के गर्भ में भ्रूण के रूप में दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ गर्भावस्था और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
झांकी में दिखाया गया है कि जैसे मां का गर्भ एक पवित्र स्थान है, वैसे ही जीवन का आरंभ भी इसी से होता है। आयोजकों ने संदेश दिया कि अगर गर्भवती महिलाएं पोषण, स्वच्छता और समय पर चिकित्सा जांच पर ध्यान दें तो प्रसव और शिशु दोनों ही स्वस्थ रहेंगे।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इस अनोखी थीम की सराहना की और इसे सामाजिक चेतना से जुड़ा हुआ कदम बताया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को यह समझाना है कि गर्भावस्था के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी मां और शिशु दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।(भाषा)
यह भी पढ़े- राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक नेताओं संग रात्रिभोज का आयोजन किया
