सौंदर्यीकरण से जगमगा रहा है जीएचएमसी मुख्यालय
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम मुख्यालय इन दिनों सौंदर्यीकरण के विभिन्न कार्यों को लेकर चर्चा का केंद्र है। दोनों प्रवेश द्वारों पर स्थापित गांधी और अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण गुरुवार, 4 दिसंबर को किया जाएगा। जीएचएमसी मुख्यालय टैंकबंड के बिल्कुल बगल में है। हालाँकि जीएचएमसी भवन और टैंकबंड सड़क के बीच का हिस्सा तथा वहाँ से गुज़र रहे नाले के दोनों ओर पहले भी हरियाली रहती थी, लेकिन हाल के दिनों में उस क्षेत्र को और सुंदर बनाया गया है।




छोटे फव्वारे के स्थान पर कुछ बड़े फव्वारे लगाये गये हैं। महापौर के प्रवेश द्वार की ओर भी ग्रीनरी बढ़ाने के साथ वहाँ गांधीजी की प्रतिमा स्थापित की गयी है। प्रवेश द्वार के पास कुछ बदलाव किये गये हैं। इसी तरह कमिश्नर के प्रवेश द्वारा के पास अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गयी है। जीएचएमसी के जनसंपर्क अधिकारी दशरथम ने बताया कि मुख्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
जीएचएमसी परिसर में फव्वारे, मूर्तियाँ और पेंटिंग का काम पूरा
फव्वारा, लैंडस्केपिंग, गांधीजी और डॉ. बी.आर. अंबेडकर की मूर्तियाँ और पेंटिंग का काम पूरा हो गया है। महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी, उप महापौर मोते श्रीलता शोभन रेड्डी और उच्च अधिकारियों ने कई बार सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। गुरुवार 4 दिसंबर को इन कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जीएचएमसी के एक पूर्व जनप्रतिनिधि ने महापौर प्रवेश द्वार के पास अचानक रातों रात दो मूर्तियाँ लाकर रख दी थीं।
यह भी पढ़ें… दो माह में शुरू होगा एआई वीवी का संचालन, श्रीधर बाबू ने किया कोवैलेंट एआई इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन
चूँकि यहाँ तत्कालीन सरकार ने वाईएसआर की प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई थी, इसलिए यह मूर्तियाँ विरोध स्वरूप रखी गयी थीं। यह मुद्दा काफी लंबे अर्से तक निगम के अधिकारियों के गले की फांस बन गया था। न मूर्तियों का अनावरण किया जा सका, ना ही उसे हटाये जाने की हिम्मत की गयी, लेकिन कुछ माह पहले अचानक वहाँ से मूर्तियाँ हटायी गयीं और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया। अब दो अलग-अलग मूर्तियाँ यहाँ स्थापित की जा रही हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



