गूगल ने लॉन्च किया हेडफ़ोन में रीयल-टाइम अनुवाद सुविधा

हैदराबाद, गूगल ने शुक्रवार को घोषणा की कि अब गूगल ट्रांसलेट ऐप में एक नया बीटा अनुभव उपलब्ध होगा, जो उपयोगकर्ताओं को हेडफ़ोन में रीयल-टाइम अनुवाद सुनने की सुविधा देगा। इस नई तकनीक से प्रत्येक वक्ता की आवाज़ की लय, जोर और उच्चारण जस का तस बनी रहती है, जिससे बातचीत को समझना आसान हो जाएगा और पता चलेगा कि कौन क्या कह रहा है। गूगल के अनुसार, यह सुविधा किसी भी हेडफ़ोन को वास्तविक समय में एकतरफा अनुवाद यंत्र में बदल देती है।

हेडफ़ोन में गूगल ट्रांसलेट ऐप का रीयल-टाइम अनुवाद

गूगल की वाइस प्रोडक्ट मैनेजमेंट की उपाध्यक्ष रोज़ याओ ने कहा कि चाहे आप किसी अन्य भाषा में बातचीत कर रहे हों, विदेश में भाषण या व्याख्यान सुन रहे हों, या किसी टीवी शो या फ़िल्म को दूसरी भाषा में देख रहे हों, अब आप अपने हेडफ़ोन लगाएँ, ट्रांसलेट ऐप खोलें, ‘लाइव ट्रांसलेट’ पर टैप करें और अपनी पसंदीदा भाषा में रीयल-टाइम अनुवाद सुनें। यह बीटा फीचर अब अमेरिका, मेक्सिको और भारत में एंड्रॉइड उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। यह सुविधा किसी भी हेडफ़ोन के साथ काम करती है और 70 से अधिक भाषाओं का समर्थन करती है।

इसके अलावा गूगल ट्रांसलेट में उन्नत जेमिनी क्षमताएँ भी जोड़ रहा है, जो पाठ अनुवाद को और अधिक स्मार्ट, प्राकृतिक और सटीक बनाएंगी। यह विशेषताएँ ऐसे वाक्यांशों के अनुवाद में मदद करेंगी, जिनका अर्थ निहित या स्थानीय मुहावरों और स्लैंग के रूप में होता है। उदाहरण के लिए, अंग्रेज़ी मुहावरे “stealing my thunder” का अर्थ अब संदर्भ के अनुसार सही रूप में मिलेगा, बजाय शब्दशः अनुवाद के। यह अपडेट वर्तमान में अमेरिका और भारत में उपलब्ध है और अंग्रेज़ी से लगभग 20 भाषाओं में अनुवाद कर सकता है, जिनमें स्पेनिश, अरबी, चीनी, जापानी और जर्मन शामिल हैं। यह सुविधा एंड्रॉइड, आईओएस और वेब पर उपलब्ध है।

उपयोगकर्ता अब बेहतर फीडबैक और सुझावों का लाभ उठा सकेंगे

गूगल अपने भाषा-सीखने वाले उपकरणों का विस्तार लगभग 20 नए देशों में कर रहा है, जिनमें जर्मनी, भारत, स्वीडन और ताइवान शामिल हैं। अब अंग्रेज़ी बोलने वाले जर्मन भाषा का अभ्यास कर सकते हैं, जबकि बांग्ला, मंदारिन चीनी, डच, जर्मन, हिंदी, इतालवी, रोमानियाई और स्वीडिश बोलने वाले अंग्रेज़ी का अभ्यास कर सकते हैं। इसके साथ ही गूगल ने उपयोगकर्ताओं के लिए बेहतर फीडबैक सुविधा भी जोड़ दी है, जिससे अभ्यास के दौरान मददगार सुझाव मिल सकेंगे।

यह भी पढ़ें… अमेज़न ने 2030 तक भारत में एआई क्षेत्र में 35 अरब डॉलर के निवेश का किया वादा

इसके अलावा, गूगल एक नई सुविधा जोड़ रहा है, जो यह ट्रैक करेगी कि उपयोगकर्ता लगातार कितने दिनों से भाषा सीख रहे हैं, जिससे उनकी प्रगति देखना और नियमित रहना आसान होगा। इस नए अपडेट से गूगल ट्रांसलेट का अनुभव डुओलिंगो जैसी लोकप्रिय भाषा-सीखने वाली ऐप के करीब आ जाएगा और उपयोगकर्ताओं को सीखने में और अधिक सहजता और सहायता मिलेगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button