महिला नीति लाने के लिए सरकार प्रयासरत : सीतक्का

हैदराबाद, पंचायती राज व ग्रामीण विकास मंत्री सीतक्का और धर्मस्व मत्री कोंडा सुरेखा ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मंत्रियों ने सरकारी महिला कर्मचारियों से प्रभावी ढंग से काम करते हुए सरकार के विकास कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं के लाभ लोगों तक पहुँचाने और सरकार का नाम रोशन करने का आग्रह किया।
मंत्रियों ने सचिवालय में आयोजित महिला कर्मचारी कल्याण संघ की सर्व सदस्यीय बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। सीतक्का ने कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद सरकारी नौकरियों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए महिला कर्मचारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए काम का मतलब अतिरिक्त ज़िम्मेदारी है। एक ओर पारिवारिक जिम्मेदारियाँ और दूसरी ओर पेशेवर जिम्मेदारियाँ, दोनों को महिलाएँ एक साथ निभा रही हैं, जो सराहनीय है।

महिला कर्मचारियों के लिए गोलमेज बैठक और नीति चर्चा
महिलाएँ पारिवारिक और पेशेवर जिम्मेदारियों के कारण लगातार दबाव में रहती हैं। इसके मद्देनजर महिलाओं को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी 22 सितंबर को सभी महिला कर्मचारियों के साथ एक गोलमेज बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी क्षेत्रों में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी। महिलाओं के सुझावों और सलाह के आधार पर नई महिला नीति लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य भर में 67 लाख महिलाअ सदस्यों के साथ महिला स्व सहायता संघ काम कर रहे है। यह संघ विभिन्न क्षेत्रों में अद्भुत परिणाम हासिल कर रहे हैं।
कोंडा सुरेखा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकारी कर्मचारियों के कल्याण के लिए और उनकी समस्याओं का हल करने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी लक्ष्यों और योजनाओं की सफलता के लिए सरकारी कर्मचारियों के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। अवसर पर मंत्रियों ने तेलंगाना सचिवालय महिला कल्याण संघ के लोगो का अनावरण किया। बैठक में महिला एवं बाल कल्याण सचिव अनीता रामचंद्रन, सचिवालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, महिला कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रमादेवी, संघ के सदस्य व अन्य ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




